गुना शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी, कर्नलगंज में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। एक युवक ने पहले खाने का लालच देकर बीमार फीमेल कुत्ते को पास बुलाया, फिर डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। इतने से भी मन नहीं भरा तो रस्सी से गाड़ी में बांधकर शव को सड़क पर घसीटते हुए ले गया। फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
मोहल्ले की निवासी हार्दिका जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गली का एक युवक लंबे समय से आवारा कुत्तों को लेकर नाराजगी जताता था और मारने की धमकी देता रहता था। शिकायत के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11:10 बजे की है। युवक हाथ में खाना लेकर बाहर आया। उसकी पीठ के पीछे डंडा छिपा था। जैसे ही गली के कुत्ते खाने के लिए पास आए, उसने अचानक हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें- ममता जब निर्ममता करेगी तो...' पश्चिम बंगाल के रुझानों से गदगद सीएम मोहन, बोले-मोदी पर भरोसा जताया
हमला होते ही ज्यादातर कुत्ते डरकर भाग गए, लेकिन एक बीमार फीमेल कुत्ता भाग नहीं सका। युवक ने उस पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए। कुतिया दर्द से तड़पती रही, मगर युवक रुकने का नाम नहीं ले रहा था। कुछ देर बाद कुतिया ने दम तोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक बेरहमी से लगातार वार कर रहा था। कुतिया की मौत के बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने शव पर पानी डालकर देखा कि वह जिंदा है या नहीं। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने जमीन पर फैले खून को पानी से धो दिया। इसके बाद युवक ने मृत कुतिया को रस्सी से बांधा और अपनी गाड़ी के पीछे लटकाकर सड़क पर घसीटते हुए ले गया। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
फरियादी हार्दिका जैन ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर इसे पशु क्रूरता का गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में हिंसक प्रवृत्ति को बढ़ावा देती हैं। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे लोग इंसानों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। मोहल्ले के लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपों की पुष्टि की जा रही है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी। फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घरवालों से रंजिश, मार दिया बेजुबान को
नरसिंहपुर जिले के ग्राम कामती में आपसी रंजिश ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में एक शख्स ने बेकसूर पालतू कुत्ते को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मामला गाडरवारा थाना क्षेत्र के ग्राम कामती का है। जानकारी के मुताबिक, किसान विश्राम कुशवाहा के घर के बाहर बंधी उनकी चार साल की पालतू फीमेल डॉग पर आरोपी विशाल कुशवाहा ने लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें- चरित्र शंका में हैवान बना पति: पत्नी को पत्थरों से कूचकर मार डाला, दो साल के बच्चे को जंगल में छोड़कर भागा
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब पौने छह बजे आरोपी विशाल, पुरानी दुश्मनी के चलते विश्राम के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा, जब इसका विरोध किया गया तो गुस्से में बेकाबू होकर उसने मासूम कुत्ते को निशाना बना लिया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि बेबस जानवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान मौजूद चश्मदीद रामकुमार और दीनदयाल कुशवाहा ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी नहीं रुका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। गाडरवारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 325 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।