इंदौर क्राइम ब्रांच लगातार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि गैंग से जुड़ा आरोपी राहुल सिंह राठौड़ उर्फ बाबा इंदौर आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने देवास बायपास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर एसटीएफ की ओर से 15 हजार रुपये और इंदौर क्राइम ब्रांच की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। राहुल सिंह राठौड़ उर्फ बाबा पर इंदौर के कई कारोबारियों के अलावा खरगोन और अन्य शहरों के व्यापारियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरे फोन करने के आरोप हैं।
पढे़ं: 'शहर बूंद-बूंद के लिए नहीं तरस रहा, इमेज खराब न करें', इंदौर जल संवाद में मेयर भार्गव बोले
जांच में सामने आया है कि आरोपी गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के संपर्क में था। हाल ही में इंदौर क्राइम ब्रांच ने हैरी बॉक्सर से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से पूछताछ के दौरान राहुल सिंह राठौड़ उर्फ बाबा के बारे में अहम जानकारी मिली थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी गैंग के लिए रेकी करने के लिए युवकों की व्यवस्था करता था। साथ ही हथियारों, खासकर पिस्टल, और आर्थिक लेनदेन से जुड़ी कई जानकारियां भी उसके पास थीं।
फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि उसकी निशानदेही पर जल्द ही गैंग से जुड़े कुछ और आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। गौरतलब है कि इंदौर में भी गैंग से जुड़े बदमाशों द्वारा कई व्यापारियों को धमकियां मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।