शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने गुरुवार को स्कूल बसों और वैन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वाली 40 स्कूल वैन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कई वाहनों को जब्त कर सिविल लाइन थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
स्कूलों के बाहर चलाया सघन जांच अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष शुक्ला एवं बैजनाथ प्रजापति के नेतृत्व में टीम गठित कर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 एवं 2, सेंट अलायसिस और सेंट जोसेफ सहित विभिन्न स्कूलों के बाहर स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।
ये भी पढ़े: MP कांग्रेस में घर की जंग सड़क पर: विधायक बोले-हाईकमान ही नहीं बनने देना चाहता सरकार, पार्टी छोड़ने की चेतावनी
विशेष अभियान के दौरान स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाली स्कूल वैनों की सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा गाइडलाइन और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप जांच की गई। जांच में कई स्कूल वैन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करती पाई गईं। ऐसे वाहनों को जब्त कर सिविल लाइन थाना परिसर में खड़ा कराया गया। कुल 40 स्कूल वैन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्कूल संचालकों और चालकों को हिदायत
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि बच्चों को स्कूल परिसर के भीतर ही सुरक्षित तरीके से चढ़ाया और उतारा जाए। साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन और सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके। अभियान के दौरान निरीक्षक इंद्रा ठाकुर, रक्षित निरीक्षक मनीष प्यासी, वीरेंद्र आरक, सूबेदार राहुल सिंह सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।