खंडवा जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले के लिए लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और पहाड़ी इलाकों में झरने जैसी स्थिति बन गई है। ऐसे प्राकृतिक नजारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और पर्यटक पहुंच रहे हैं, लेकिन बारिश के मौसम में इन स्थानों पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और झरनों के पास जाने से बचें। यदि किसी पर्यटन स्थल पर जाएं भी, तो सुरक्षित दूरी और ऊंचे स्थान से ही प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें। किसी भी स्थिति में पानी के करीब जाने की कोशिश न करें।
चार युवक जलभराव के बीच टापू पर फंसे
हाल ही में खंडवा के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट हांडीकुंडी में प्राकृतिक नजारा देखने पहुंचे चार युवक अचानक जलभराव के कारण बीच बने टापू पर फंस गए थे। चारों ओर पानी भर जाने से वे बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन, होमगार्ड और बचाव दल ने करीब 11 घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट की भी तैयारी की गई थी। आखिरकार सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पढ़ें: महाकाल की पहली सवारी में इस बार क्या होगा खास? कैसा रहेगा इंतजाम; जानिए पूरा कार्यक्रम और रूट
जिला प्रशासन की अपील
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान ऐसे स्थानों पर जाने से बचें, जहां अचानक जलस्तर बढ़ सकता है। चाहे वह पिकनिक स्पॉट हो, झरना हो या नदी-नाला, वहां जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि ऐसे स्थानों पर जाएं भी, तो ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रहें तथा दूर से ही प्राकृतिक नजारों का आनंद लें।