खरगोन शहर में रविवार को रंगपंचमी का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगरपालिका द्वारा आयोजित पारंपरिक रंगारंग गेर में हजारों लोग शामिल हुए और शहर रंग, गुलाल व फूलों की खुशबू से सराबोर हो गया। दोपहर 12 बजे नगरपालिका परिसर से गेर की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी, युवा और बच्चे शामिल हुए।
गेर के दौरान सड़कों पर रंगों की बारिश और पानी की बौछारों ने माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया। इस बार नगर पालिका ने गेर को आकर्षक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। फायर टैंकर और फायर ब्रिगेड की मदद से करीब 15 हजार लीटर पानी की बौछार की गई। इसके साथ ही 10 क्विंटल गुलाल और पांच क्विंटल फूलों की वर्षा कर लोगों का स्वागत किया गया। इस बार गेर की खास बात यह रही कि पहली बार तीन नोजल वाली फॉगिंग मशीन का उपयोग किया गया। इससे अलग-अलग दिशाओं में रंगीन फव्वारे छोड़े गए, जिसने लोगों का उत्साह दोगुना कर दिया। जैसे ही रंगों की फुहारें और गुलाल हवा में उड़ा, पूरा माहौल रंगमय हो गया और लोग नाचते-गाते एक-दूसरे को रंग लगाते नजर आए।
ये भी पढ़ें-सीहोर में बेकाबू बोलेरो का कहर: चार किशोरों को 70 फीट तक घसीटते ले गई, दो की मौत; अभी दो जिंदगी से जंग लड़ रहे
गेर के दौरान डीजे और ढोल की धुन पर युवा जमकर झूमे। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई यह गेर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। जगह-जगह लोगों ने छतों और बालकनी से फूलों की वर्षा कर गेर का स्वागत किया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों ने ठंडाई और पानी की व्यवस्था भी की। रंगपंचमी को देखते हुए नगर पालिका ने पेयजल वितरण व्यवस्था में भी बदलाव किया था। जलशाखा प्रभारी संजय सोलंकी के अनुसार रविवार को दोपहर 3 बजे के बाद शहर के सीटी क्षेत्र में जल वितरण किया गया। सामान्य दिनों में 45 मिनट पानी की सप्लाई दी जाती है, लेकिन रंगपंचमी के अवसर पर इसे बढ़ाकर एक घंटे कर दिया गया, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को पानी की कोई समस्या न हो।
आदिवासी नृत्य दल ने बांधा समां
रंगारंग गेर में इस बार आदिवासी नृत्य दल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल कलाकारों ने ढोल-मांदल और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर मनमोहक प्रस्तुति दी। गेर के दौरान ढोल की गूंज के बीच कलाकार नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, वहीं आसपास चल रहे लोग गुलाल उड़ाते नजर आए।
रंग पंचमी पर बढ़ी पानी की खपत
नगर पालिका के अनुसार सामान्य दिनों में शहर में लगभग 26 एमएलडी पानी की खपत होती है, जो रंगपंचमी के दिन बढ़कर करीब 27 एमएलडी तक पहुंच गई।

रंग पंचमी पर निकली गेर।- फोटो : credit