मैहर जिले के अमरपाटन स्थित शासकीय महाविद्यालय के पास नल-जल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के फूटने से बड़ा हादसा सामने आया है। बाणसागर परियोजना के अंतर्गत डाली गई यह पाइपलाइन अचानक बीच सड़क से फूट गई, जिससे लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया और सड़क बुरी तरह धंस गई।
घटना के बाद तेज दबाव के साथ पानी सड़क को फाड़ते हुए बाहर निकलने लगा। कुछ ही देर में आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पाइपलाइन फूटने से सड़क लगभग चार इंच तक धंस गई, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पाइपलाइन से निकला पानी पास स्थित शासकीय छात्रावास परिसर में भी घुस गया। पूरा परिसर जलभराव की चपेट में आ गया, जिससे वहां रहने वाले छात्रों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक पानी बहता रहा और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचने तक स्थिति और बिगड़ती चली गई।
ये भी पढ़ें- MP News: एमपी में आबकारी टीम पर हमला, शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त व कर्मचारी घायल; कानून का क्यों कम हो रहा डर?
नल-जल योजना जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन का इस तरह फूटना निर्माण गुणवत्ता और कार्य में लापरवाही को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने घटिया सामग्री के उपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम आरती सिंह, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
एसडीएम आरती सिंह ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही पाइपलाइन की मरम्मत और सड़क को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि एक ओर क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी रहती है, वहीं दूसरी ओर लाखों लीटर पानी का इस तरह बर्बाद होना प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का प्रमाण है। नागरिकों ने नल-जल योजना से जुड़े ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।