धार्मिक आस्था के केंद्र मैहर में प्रतिबंध के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस कार्रवाई ने अवैध नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की गहन जांच जारी है।
घर के अंदर चल रहा था अवैध कारोबार
29 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चंडीगंज कटरा मोहल्ला निवासी रिंकू वर्मन अपने घर में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वंदना गर्ग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। घर के अंदर का नजारा चौंकाने वाला था—पूरा मकान अवैध शराब के गोदाम में तब्दील मिला।
ब्रांडेड शराब का बड़ा स्टॉक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने देशी और विदेशी ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब जब्त की, जिसमें शामिल हैं, 35 कार्टून में 323 बल्क लीटर शराब (मैकडावल, 8PM, बैगपाइपर, ऑफिसर चॉइस, मैजिक मोमेंट वोडका, रम और 12 कार्टून में 148 लीटर बीयर जब्त शराब की कुल कीमत करीब ₹4.50 लाख आंकी गई है। इससे स्पष्ट है कि आरोपी बड़े स्तर पर सप्लाई की तैयारी में था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी रिंकू वर्मन (34) के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पहले भी अवैध शराब तस्करी में शामिल रहा है। इसके अलावा जुआ और रंगदारी जैसे मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है। उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से आई और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। अधिकारियों को आशंका है कि मामला किसी संगठित अवैध नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
पढ़ें; पुलिस कार्रवाई के विरोध में पारदी समाज की महिलाओं का हंगामा, नवजात को हवा में उछाला; जानें फिर क्या हुआ?
पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर व नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
टीम वर्क से मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वंदना गर्ग, उपनिरीक्षक बी.पी. वर्मा सहित कोतवाली पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी सफलता संभव हो सकी। मैहर जैसे धार्मिक शहर में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब का मिलना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अवैध कारोबार पर अब कड़ी लगाम कसी जाएगी।