मंडला जिले के मेढ़ी क्षेत्र में बरेला-जबलपुर मुख्य मार्ग स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर कट्टे की नोक पर हुई करीब 94 हजार रुपये की डकैती का मंडला पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों में से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और लूटे गए 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
दरअसल, पिछले रविवार को बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 6-7 नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप पहुंचे थे। बदमाशों के हाथों में कट्टे और अन्य हथियार थे। एक कर्मचारी बाउंड्री वॉल कूदकर अपनी जान बचाकर भाग गया, जबकि दूसरे कर्मचारी को कट्टा अड़ाकर उसकी जेब से रुपये लूट लिए गए। इसके बाद बदमाशों ने ऑफिस का लॉक तोड़कर कैश के दो पैकेट भी लूट लिए। कर्मचारी की जेब और ऑफिस से कुल 93,875 रुपये की रकम लूटकर बदमाश कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। जंगल क्षेत्र होने के कारण आरोपियों के भागने का रूट भी स्पष्ट नहीं था। मंडला पुलिस ने मामले की जांच के लिए आठ टीमों का गठन किया। पुलिस की सिविल टीमों ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों के हुलिए और वारदात के तरीके के आधार पर जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच की।
ये भी पढ़ें- AI का गजब उपयोग: महाकाल आए युवक ने जूता खो जाने पर ली चैटजीपीटी की मदद, चंद सेकंड में मिल गई सफलता
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी का इंजीनियरिंग बैकग्राउंड है। अधिकांश आरोपी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के आसपास के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी स्थानीय है। आरोपियों में कुछ ड्राइविंग का काम करते हैं, एक टैक्सी चलाता है और दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को उम्मीद थी कि 24 घंटे खुले रहने वाले और कुछ एकांत में स्थित पेट्रोल पंप पर बड़ी मात्रा में नकदी मिल सकती है। इसी उद्देश्य से उन्होंने पेट्रोल पंप को निशाना बनाया था।
वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग स्थानों पर फरार हो गए थे। एक आरोपी भिलाई, दूसरा इंदौर चला गया था, जबकि कुछ आरोपी मैहर की ओर गए थे। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है। एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आईजी की ओर से 20 हजार और एसपी की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम को कुल 30 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने हाल ही में हुई एक अन्य चोरी की घटना का भी जिक्र किया। एसपी ने स्पष्ट किया कि उस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद कर ली गई है, लेकिन पेट्रोल पंप डकैती और उस चोरी की घटना के बीच कोई कनेक्शन नहीं है। एसपी ने लोगों से अपने प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि अपराध की रोकथाम और अपराधियों तक पहुंचने में CCTV बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। पेट्रोल पंप डकैती के मामले में भी CCTV फुटेज और मजबूत ग्राउंड पुलिसिंग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।