राजगढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक ने प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के कन्या शाला स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुभाष शर्मा ने आरोप लगाया है कि मंत्री ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। इसके चलते वह भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं और स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।
शिक्षक सुभाष शर्मा के अनुसार, उन्होंने आरटीआई के तहत मंत्री गौतम टेटवाल की जाति से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी बात से नाराज होकर मंत्री ने उन्हें फोन पर धमकाया। शिक्षक का दावा है कि मंत्री ने कहा कि तुमने ही मेरी जाति की शिकायत कराई है, मैं तुम्हें झूठे केस में फंसा दूंगा और जान से मरवा दूंगा। इस कथित धमकी के बाद से शिक्षक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया है कि मंत्री गौतम टेटवाल ने फर्जी अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र का उपयोग किया है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों में जानकारी हासिल करने के लिए आवेदन दिया था। उनका कहना है कि इसी शिकायत के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
डरे-सहमे शिक्षक का कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और कभी भी उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे मानसिक तनाव में हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी नहीं कर पा रहे हैं।
पढ़ें: मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओले-बारिश का खतरा, 5 दिन तक चलेगा दौर
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सुभाष शर्मा ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) और राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित शिकायत भेजकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। लोगों के बीच चर्चा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बड़ा मुद्दा बन सकता है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।