राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवारिया क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में रविवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने भाई-बहन पर अचानक हमला कर दिया। पांच साल का क्रिश और उसकी 8 साल की बहन लीजा अपनी बुआ के घर के बाहर खेल रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि खेलते समय एक आवारा कुत्ता वहां आ गया और अचानक क्रिश पर झपट पड़ा।
कुत्ते ने बच्चे के सिर को बुरी तरह काट लिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। छोटे भाई पर हमला होता देख 8 साल की लीजा ने बिना डरे कुत्ते से मुकाबला किया और भाई को उससे छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने बच्ची को भी काट लिया, लेकिन उसने हार नहीं मानी।
ये भी पढ़ें- इंदौर जल त्रासदी: कांग्रेस ने कहा- भागीरथपुरा कांड लापरवाही नहीं, सुनियोजित हत्या; 11 को निकलेगी न्याय यात्रा
जब कुत्ता कुछ देर बाद वहां से भागा, तो लीजा ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी टी-शर्ट उतारकर भाई के सिर पर बांध दी, ताकि खून बहना रुक सके। इसके बाद आसपास के लोगों ने दोनों बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला खिलचीपुर थाना क्षेत्र का है।