महू-नीमच हाईवे पर बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन-मऊ फंटे के पास तीन दिन पहले बस में सवार सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों में से छह को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
उज्जैन जोन के आईजी राकेश गुप्ता ने शनिवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में बताया कि व्यापारी को लूटने की साजिश उसके पूर्व कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल गुर्जर, अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर, यशवंत गुर्जर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर, रवि उर्फ बबला गुर्जर और मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू शामिल हैं। वहीं, रोहित नायक और गौरव गुर्जर की तलाश की जा रही है।
बड़नगर से लौटते समय बस में लूटे थे जेवर
रतलाम की महलवाड़ा जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया 13 अगस्त को सोने के जेवर बेचने बड़नगर गए थे। वहां कुछ व्यापारियों को सोना बेचने के बाद शेष जेवर बैग में लेकर बस से रतलाम लौट रहे थे। रेन-मऊ फंटे के पास बस में सवार बदमाशों ने जेवर से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट भी की थी। व्यापारी ने पुलिस को बताया था कि बैग में करीब पांच किलो सोने और कुछ चांदी के जेवर थे।
4.167 किलो सोना और 4.047 किलो चांदी बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4 किलो 167 ग्राम सोने के 238 नग जेवर और 4 किलो 47 ग्राम वजन के 183 नग चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। बरामद जेवरों की कीमत करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये बताई गई है।
300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
घटना के बाद पुलिस की कई टीमों ने घटनास्थल से बड़नगर तक विभिन्न मार्गों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने व्यापारी, बस चालक, परिचालक और क्लीनर के बयान दर्ज किए। घटनास्थल और आसपास से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल इनपुट का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
ये भी पढ़ें- AI का गजब उपयोग: महाकाल आए युवक ने जूता खो जाने पर ली चैटजीपीटी की मदद, चंद सेकंड में मिल गई सफलता
जेवर बांटने जुटे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर भाग गए थे। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झाबुआ जिले की सीमा के पास हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में लूटे गए जेवरों के बंटवारे के लिए जुटे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस की दो टीमें करीब दो से तीन किलोमीटर पैदल चलकर मौके पर पहुंचीं और घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ लूट की पूरी साजिश और नेटवर्क की जांच कर रही है।