रीवा जिले में पदस्थापना के बाद से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अपने सख्त कार्यशैली को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्ती दिखाने वाले कलेक्टर सोमवार को एक बार फिर चर्चा में आ गए, जब शिकायत मिलने पर उन्होंने आरटीओ (RTO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
कलेक्टर के कार्यालय पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान आरटीओ कार्यालय में फैली अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद अनाधिकृत एजेंटों को जमकर फटकार लगाते हुए उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।" इसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कलेक्टर की फटकार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कर्मचारियों की शिकायत पर RTO कार्यालय पहुंचे कलेक्टर
जानकारी के अनुसार, रीवा आरटीओ कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही सोमवार को कलेक्टर बिना पूर्व सूचना के आरटीओ कार्यालय पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद आरटीओ अधिकारी तथा एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वर्षों से कार्यालय परिसर में सक्रिय अनाधिकृत एजेंटों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल परिसर खाली करने के निर्देश दिए।
अनाधिकृत एजेंटों को दी कड़ी चेतावनी
बताया जा रहा है कि लंबे समय से आरटीओ कार्यालय परिसर में सक्रिय अनाधिकृत एजेंट कार्यालय आने वाले लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। इसके अलावा दलाली करने तथा आम नागरिकों, कर्मचारियों और महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें भी कलेक्टर को मिली थीं।
इसी के चलते कलेक्टर ने अचानक निरीक्षण कर एजेंटों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "यह पहली बार है, इसलिए केवल चेतावनी दी जा रही है। यदि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि आरटीओ परिसर में किसी भी अनाधिकृत एजेंट का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आरटीओ कार्यालय आने वाले आम लोगों को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जाए तथा भविष्य में इस तरह की शिकायतें दोबारा नहीं आनी चाहिए।
कलेक्टर बोले- अवैध वसूली और अभद्रता की मिली थी शिकायतकलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया गया। यह पूरा परिसर आम लोगों के लिए है, लेकिन यहां अनाधिकृत लोगों ने कब्जा कर रखा है। इनके द्वारा लोगों से पैसे लेने की शिकायतें भी मिली थीं। महिला कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों ने भी शिकायत की थी कि परिसर में घूमने वाले कुछ अनाधिकृत लोग उनके साथ अभद्रता करते हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि शिकायतें सही पाई गईं तो संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाएगा। आरटीओ कार्यालय के अंदर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, ताकि व्यवस्थाएं बनी रहें।"
ये भी पढ़ें- MP News: कामकाजी महिलाओं के 59 हॉस्टलों की CAG जांच में बड़ी गड़बड़ी, 22 भवन दूसरे कामों में इस्तेमाल
RTO अधिकारी बोले- निरीक्षण के बाद कार्रवाई के निर्देश मिले
रीवा आरटीओ अधिकारी आशुतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि आरटीओ परिसर में लंबे समय से कई तरह की अनियमितताएं सामने आ रही थीं। कुछ असामाजिक तत्वों ने परिसर में अवैध अतिक्रमण भी कर रखा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी स्वयं आरटीओ कार्यालय पहुंचे, निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।