सतना जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली एक 9 वर्षीय बच्चे को जा लगी। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित रिया मैरिज गार्डन की है, जहां सोमवार देर रात बारात के स्वागत के दौरान यह हादसा हुआ। घायल बच्चे की हालत गंभीर है और उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बारात के स्वागत में हो रही थी फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार यादव परिवार की बारात मैरिज गार्डन पहुंची थी। स्वागत के दौरान कुछ लोग जश्न में हर्ष फायरिंग कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक व्यक्ति 12 बोर की बंदूक से लगातार फायर कर रहा था। इसी दौरान बंदूक दोबारा लोड करते समय अचानक गोली चल गई। बताया जा रहा है कि गोली पहले सड़क से टकराई और फिर उछलकर पास में खड़े शुभम पाल (9) के पेट में जा लगी। शुभम मैहर जिले के कोहनी रामनगर का निवासी है और अपने परिजनों के साथ शादी में शामिल होने आया था।
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
गोली लगते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतना के सिद्धार्थ नगर निवासी रामप्रसाद यादव उर्फ पुरुषोत्तम (55) को गिरफ्तार कर लिया है। जिस 12 बोर बंदूक से फायरिंग हुई, वह दूल्हे के पिता के नाम पर लाइसेंसी बताई जा रही है। पुलिस ने बंदूक जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- MP Crime: व्यवसायी को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम पर किसने दी धमकी, वॉइस मैसेज के जरिए 10 करोड़ की फिरौती मांगी
लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
हर्ष फायरिंग पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की परंपरा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जश्न के नाम पर इस तरह की लापरवाही न करें, क्योंकि एक छोटी सी गलती किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।