मध्य प्रदेश के सतना जिले में शुक्रवार को उस समय माहौल गर्मा गया, जब भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा पर दर्ज दुष्कर्म के मामले के विरोध में सर्व समाज के हजारों लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सतीश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला झूठा और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत दर्ज किया गया है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। भीड़ ने एसपी ऑफिस के बाहर नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और कहा कि सतीश शर्मा पर लगाए गए आरोपों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस युवती ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है, उसने पहले भी छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था। अब अचानक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाना यह दर्शाता है कि यह किसी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- छिंदवाड़ा के और दो मासूमों ने तोड़ा दम, 'कोल्ड्रिफ' से अब तक 22 बच्चों की मौत
प्रदर्शन के दौरान युवा समाजसेवी शंभू चरण दुबे ने कहा भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा पर लगाया गया आरोप पूरी तरह से षड्यंत्र है। यह समाज में उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश है। हम सभी सर्व समाज के लोग निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ सके। वहीं, सतीश शर्मा की बहन सुनीता शर्मा ने भावुक होते हुए कहा मेरे भाई के ऊपर झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब की जा रही है। सतीश शर्मा ने हमेशा समाज सेवा की है, और अब उन्हीं पर इस तरह का आरोप लगना दुखद है। हमारा परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है।
भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन के दौरान एसपी ऑफिस परिसर के चारों ओर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन भीड़ के जोश को देखते हुए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती। एसपी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी और यदि कोई निर्दोष पाया गया तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
आगे क्या?
सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई या सतीश शर्मा पर लगे झूठे आरोप वापस नहीं लिए गए, तो वे जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करेंगे और जिसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला पुलिस प्रशासन की होगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष को लेकर प्रदर्शन
भाजपा जिला अध्यक्ष को लेकर प्रदर्शन
भाजपा जिला अध्यक्ष को लेकर प्रदर्शन