सीहोर जिले के कई गांवों में शनिवार को आए आंधी-तूफान के बाद से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली पोल, तार टूटने के बाद भी बिजली कंपनी ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया। तीन दिन से एक दर्जन गांवों में बिजली गुल होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए ग्रामीणों ने खराब व्यवस्था और बिजली विभाग की लापरवाही के विरोध में मंगलवार को रामाखेड़ी, ढाबला, बिलकिसगंज, चैनपुरा और खुरानिया सहित अन्य गांवों के ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने नारेबाजी कर धरना दिया।
दरअसल, जिले के बिलकिसगंज व बरखेड़ी सब स्टेशन के क्षेत्रीय ग्राम रामाखेड़ी, ढाबला, बिलकिसगंज, चैनपुरा, खुरानिया सहित अन्य गांवों में शनिवार को आंधी-तूफान ने गांव की रंगत बिगाड़ दी थी। इन गांवों में कई जगह बिजली कंपनी के पोल धराशायी हो गए थे, वहीं तार भी टूट गए थे। इसके कारण करीब एक दर्जन गांवों की तीन दिन से बिजली बंद पड़ी थी। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने बताया कि बिजली बंद होने से ग्रामीण और किसान काफी परेशान थे। किसानों के खेतों की सब्जियों व अन्य फसलों में पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, बिजली के अभाव में पीने के पानी एवं मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था भी नहीं हो पा रही थी। इसके संबंध में बिजली कंपनी को भी अवगत कराया गया, लेकिन कंपनी लापरवाही बरतती रही। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। परेशान होकर ग्राम रामाखेड़ी, ढाबला, बिलकिसगंज, चैनपुरा, खुरानिया सहित अन्य ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें:
दीवान से अवैध संबंध, मां ने बेटे के सीने में मारी गोली, कई साल से मायके में रह रही; मिलने आया था बेटा
जब तक अधिकारी नहीं आएंगे, धरना जारी रहेगा
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर आकर ज्ञापन नहीं लेंगे और तत्काल समाधान नहीं करेंगे, तब तक धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीणों ने मांग कर कहा कि टूटे ट्रांसफॉर्मर तुरंत बदले जाएं, खंभे और लाइनें दुरुस्त की जाएं, बिजली सप्लाई जल्द बहाल हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर धनराज मेवाड़ा, रमेश मेवाड़ा, बाबूलाल, भगवत सिंह, लक्ष्मण सिंह, विपिन मेवाड़ा, दिलीप सिंह, संतोष सिंह, बलराम सिंह, बने सिंह, जगन्नाथ पटेल, करण सिंह, वरिष्ठ किसान हेमराज, दौलतराम, प्रहलाद, कैलाश, गोपाल सिंह, प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।
दो घंटे चला धरना, अधिकारी के आश्वासन पर माने
रोड पर शुरू हुआ धरना करीब दो घंटे चला। दो घंटे बाद बिजली कंपनी के अधिकारी सहायक यंत्री राम पाली धरना स्थल पर पहुंचे और ज्ञापन लेकर धरना समाप्त कराया। ग्रामीण जनता की मांग को लेकर उनके द्वारा आश्वासन दिया गया कि शीघ्र सभी ग्रामीण क्षेत्र की बिजली चालू करवा दी जाएगी। इसके साथ ही जिन घरों का नुकसान हुआ है, उसके विषय में भी शासन को अवगत करा दिया जाएगा।ं