शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के भन्नी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब मानसिक रूप से कमजोर एक शख्स ने जान देने की नीयत से खेत में बने गहरे कुएं में छलांग लगा दी। घटना के दौरान कुएं में पानी अधिक होने से वह डूबा नहीं, बल्कि कुछ देर तैरने के बाद अंदर निकले एक पत्थर के सहारे बैठ गया। पानी में कूदने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि संतोष कुएं के भीतर बैठा है और बाहर आने से इनकार कर रहा है।
पुलिस के अनुसार भन्नी गांव निवासी संतोष सिंह ने घर के पास स्थित खेत के कुएं में छलांग लगाई थी। जब ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो वह धमकी देने लगा कि यदि किसी ने जबरन निकालने का प्रयास किया तो वह फिर से पानी में चला जाएगा। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और बताया कि संतोष की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
ये भी पढ़ें- पन्ना में बड़ा सड़क हादसा: नागपुर जा रही बस डंपर से भिड़ी, तीस से अधिक यात्री घायल; कुछ की स्थिति गंभीर
करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन संतोष समझाने पर भी बाहर आने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी जिया उल हक स्वयं घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने सभी लोगों को कुएं से दूर हटवा दिया और युवक से अकेले में बातचीत की। थाना प्रभारी ने धैर्य और सूझबूझ से उसकी बात सुनी और भरोसा दिलाया कि उसकी हर मांग पर विचार किया जाएगा।
आखिरकार संतोष थाना प्रभारी की बातों में आ गया और रस्सी के सहारे उसे सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकालने के बाद पुलिस ने संतोष और उसके परिजनों को समझाइश दी तथा मामले की गुरुवार से जांच शुरू कर दी है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।