शाजापुर जिले के शुजालपुर में दो पक्षों के बीच शनिवार को हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग खुलेआम डंडे चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक बाइक सवार व्यक्ति पिस्टल लोड करता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र के सामने यह पूरा विवाद पुश्तैनी जमीन को लेकर हुआ। भाजपा पार्षद सईद पटेल का परिवार शुजालपुर सिटी के टीला क्षेत्र में रहता है, जबकि उनके ताऊ का परिवार अकोदिया नाका स्थित वन विभाग कार्यालय के पास रहता है। दोनों पक्षों के बीच करीब 15 बिस्वा जमीन को लेकर पिछले 15 वर्षों से विवाद चल रहा है।
सहभोज कार्यक्रम में आमने-सामने आए दोनों पक्ष
बताया जा रहा है कि तहसील कार्यालय मार्ग पर एक सहभोज कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस झड़प में पार्षद के बड़े भाई और टाइल्स व्यवसायी हाफिज पठान के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें गंभीर हालत में शुजालपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक को रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: Indore News: इंदौर के पटेल मार्केट में भीषण आग, दूर से धुएं का गुबार देख कांप गए लोग
मामले में दोनों पक्षों ने शुजालपुर मंडी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष की शिकायत पर लल्लू खां, समीर खां, हसीन खां, वसीम खां, आसू खां और रसूल खां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से 85 वर्षीय रसूल की शिकायत पर हफीज, शादाब, साहिल और भाजपा पार्षद सईद पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के दौरान करीब 15 मिनट तक सड़क पर खुलेआम लाठी-डंडे चलते रहे, लेकिन इस दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहां से गुजर रहे लोग भी इस घटना से डर गए। इस पूरे मामले को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के सूचना तंत्र पर सवाल उठ रहे हैं।