टीकमगढ़ जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पलेरा नगर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नगर के वार्ड क्रमांक 15, जतारा रोड स्थित गल्ला व्यापारी सुरेंद्र गुप्ता के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार व्यापारी सुरेंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ नवरात्रि के अवसर पर गांव पहाड़ी बुजुर्ग में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम बेदी हवन पूजन में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम सहित पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें- Project Cheetah: भारत में जन्मी पहली चीता मुखी हुई तीन साल की, सीएम बोले- प्रोजेक्ट की सफलता का सशक्त प्रतीक
घर में घुसने के बाद उन्होंने अलमारियों और तिजोरी को खंगाला और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इस घटना के बाद नगरवासियों में आक्रोश और भय दोनों का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावी रोकथाम के उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
इस वारदात ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था और क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।