उज्जैन के माधव नगर थाना पुलिस ने एक धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया है। दंपति ने होटल में ग्राहक बनकर एक महिला को सस्ते दाम में सोना देने का झांसा देकर उससे 5 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से पूरी राशि बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला से परिचय बढ़ाकर उसे विश्वास में लिया और करीब 50-60 लाख रुपये कीमत की सोने की ईंट सस्ते में देने का लालच दिया। भरोसे में आकर महिला ने उन्हें 5 लाख रुपये नकद दे दिए। बाद में जब महिला सोने की ईंट की जांच कराने सुनार के पास पहुंची, तो वह नकली निकली।
नगर पुलिस अधीक्षक माधव नगर दीपिका शिंदे ने बताया कि 24 मार्च 2026 को फरियादी महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कालू पिता तेरिया भाबोर और साबर बाई, निवासी अमलिया फलिया, जिला झाबुआ, उससे होटल में नियमित आने-जाने के दौरान परिचित हुए थे। आरोपियों ने विश्वास में लेकर सस्ते में सोना देने का झांसा दिया और 5 लाख रुपये ले लिए।
जब सोने की ईंट नकली निकली और महिला ने आरोपियों से संपर्क किया, तो उन्होंने पहचान से इनकार कर दिया और फरार हो गए। इसके बाद महिला ने माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश की और 25 मार्च 2026 को झाबुआ जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- Indore News: इंदौर में पिता-पुत्र ने पड़ोसियों पर चढ़ा दी कार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौत; कई लोग घायल
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ठगी गई पूरी राशि भी बरामद कर ली। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।