“पैदल मार्च पुलिस बल की सजगता, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। इससे पुलिसकर्मियों की फिजिकल फिटनेस के साथ मनोबल भी बढ़ता है, जो किसी भी चुनौती से निपटने में मदद करता है।” यह बात पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने आज सुबह टॉवर चौक पर उज्जैन पुलिस द्वारा निकाले गए भव्य पैदल मार्च को संबोधित करते हुए कही।
इस मार्च में उज्जैन पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए भाग लिया। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने कहा कि उज्जैन पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई के कारण सड़क दुर्घटनाओं में भी गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस बल की सतर्कता, मेहनत और जनता के सहयोग से संभव हुई है। आने वाले समय में और भी सार्वजनिक परेडों का आयोजन किया जाएगा, जिससे पुलिस बल की फिटनेस और जनता से संवाद को और सशक्त बनाया जा सकेगा।
पढ़ें: गोवंश की प्यास बुझाने शहर में रखी गई 250 टंकियां, टैंकरों से रोजाना भर रहे पानी; जानें
10 आदतन अपराधियों पर जिलाबदर की तैयारी
उज्जैन पुलिस द्वारा ऐसे आदतन अपराधियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जो पूर्व में कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं और लगातार अपराध कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऐसे 10 अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
इनमें भुरू उर्फ भुरालाल पिता रामलाल उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम रूनिजा, दिनेश पिता मांगीलाल उर्फ मांगू चौहान उम्र 22 वर्ष निवासी महिदपुर रोड, बंटी पिता संतोष सिघाड उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम रूनिजा, अफसर पिता कुदरत पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी गढ़ मोहल्ला कायथा, शाहरुख उर्फ कांचा पिता शाबीर मंसूरी उम्र 29 वर्ष निवासी कसाई मोहल्ला नागदा, अंकित पिता सुनील पारोचे उम्र 30 वर्ष निवासी अन्नपूर्णा नगर नानाखेड़ा, आनंद गोमे पिता दयाराम गोमे उम्र 32 वर्ष निवासी किशनपुरा, अमित सोलंकी पिता राकेश सोलंकी उम्र 25 वर्ष निवासी इन्द्रपुरी सेठीनगर, विनोद पिता देवीसिंह गुर्जर उम्र 45 वर्ष निवासी गुराड़िया गुर्जर थाना माकोड़न और चुन्नू उर्फ नासिर पिता सादिक लाला उम्र 36 वर्ष निवासी जूनाशहर खाचरोद शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन सभी अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जिले से निष्कासित किया जाएगा।