क्या आपने कभी सोचा है कि एक आरोपी को पुलिस पकड़ने गई हो और वह पुलिस को घर की तलाशी लेने के बाद पलंग पेटी में छुपा हुआ मिले? अगर आपका जवाब नहीं है, तो यह खबर जरूर पढ़ें। उज्जैन से 60 किलोमीटर दूर नागदा क्षेत्र में, जब पुलिस हफ्तावसूली के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसे पलंग पेटी में बंद पाया गया। इस घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पल्लवी शुक्ला ने बताया कि राजीव कॉलोनी निवासी राहुल उर्फ काला पिता दिनेश बोरासी के खिलाफ कई अपराध दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और अवैध जुआ सट्टा शामिल हैं। राहुल की रंगदारी और हफ्तावसूली से क्षेत्र के लोग परेशान थे, और 31 अप्रैल 2024 को हुई एक वारदात के बाद से पुलिस उसे खोज रही थी। मुखबिर की सूचना पर, पुलिस ने राहुल के घर पर छापेमारी की। घर की छत, किचन, वॉशरूम सहित हर जगह तलाशी लेने के बाद भी राहुल नहीं मिला। लेकिन जैसे ही पुलिस बाहर निकलने लगी, उनकी नजर पलंग पेटी पर पड़ी। जब पेटी खोली गई, तो पुलिस दंग रह गई क्योंकि आरोपी राहुल उर्फ काला उसी पेटी के अंदर छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई। इस गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, जिसमें पुलिस राहुल को पलंग पेटी से बाहर निकालते हुए दिखाई दे रही है।
राहुल पर पहले से दर्ज है कई केस
एएसपी (ग्रामीण) पल्लवी शुक्ला के मुताबिक राहुल उर्फ काला पिता दिनेश बोरासी के खिलाफ अपराध क्रमांक 314/2024 की धारा- 294, 323, 324, 327, 506, 34 भादवि में थाना नागदा व बिरलाग्राम पर मारपीट एवं अवैध रूप से जुआ सट्टा से संबंधित सात अपराध पंजीबद्ध है। उसकी रंगदारी और हफ्तावसूली से क्षेत्र के लोग काफी परेशान है। उसने 31 अप्रैल 2024 को ही एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया था। उसके बाद से ही पुलिस उसे तलाश रही थी।