उज्जैन जिले के उन्हेल टोल नाके से पांच किलोमीटर पहले एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार की आगे की सीट पर बैठे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दो युवा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके बाद एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने वालों में उज्जैन भाजपा के जीवाजीगंज मंडल उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा उर्फ रिंकू (45) और देवेंद्र जोशी (47), दोनों निवासी अब्दालपुरा हैं। वहीं जिसने अस्पताल में दम तोड़ा, उनका नाम सुरेश नवलानी (55), निवासी संतराम सिंधी कॉलोनी हैं।
मामले को लेकर आलोक शर्मा, एडिशनल एसपी ने घटना के बारे में बताया कि थाना भैरूगढ़ में उन्हेल रोड पर गोयला बुजुर्ग गांव के पास में एक आयशर और एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के बीच में एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसके बाद एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने आयशर गाड़ी को जब्त किया है और हम लोग आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- प्यार में किया बड़ा फैसला, दो बहनों ने धर्म बदलकर शादी की, नया नाम रखकर पतियों के साथ पहुंचीं थाने
सीपीआर देकर बचाई जान
राहगीर नंद कुमार मिश्रा ने बताया कि वे ग्रेसिम कंपनी में इंजीनियर हैं और उज्जैन आ रहे थे। रास्ते में 20-25 गाड़ियां खड़ी थीं। एक्सीडेंट हुआ था, पर कोई मदद नहीं कर रहा था। उन्होंने एक युवक को सीपीआर दिया, पर उसकी जान नहीं बच पाई। उन्होंने बताया कि दो युवकों के शव एम्बुलेंस से भिजवाए और देवेंद्र को अपनी गाड़ी से लाकर ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया।