Alwar News: अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसरपुर में मानसिक तनाव से जूझ रही 40 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पति की मौत के बाद से अवसाद में थी महिला
परिजनों के अनुसार, महिला अपने पति की मौत के बाद से गहरे मानसिक तनाव में थी। करीब एक वर्ष पहले महिला के पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस हादसे के बाद से महिला लगातार मानसिक अवसाद की स्थिति में रह रही थी।
पढ़ें- जयपुर में दो जापानी पर्यटक लापता: रेस्टोरेंट जाने के बाद नहीं लौटे; टैक्सी चालक की शिकायत पर FIR दर्ज
घर पर किया जहरीले पदार्थ का सेवन
मृतका के भाई नरेंद्र मीणा ने बताया कि सोमवार दोपहर महिला ने अपने घर पर ही जहर का सेवन कर लिया। इसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिससे परिजन घबरा गए। परिजन महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।