जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के कालाभाटा और जुआफाल गांव में शनिवार देर रात हत्या की दो अलग-अलग वारदातों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कालाभाटा में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने सिर पर सरिया मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया, जबकि जुआफाल में भूमि विवाद को लेकर एक वृद्ध की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार दानपुर थाना क्षेत्र के कालाभाटा गांव में 38 वर्षीया रकमा कटारा पर उसके पति सोहन ने सरिए से सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना रविवार सुबह मृतका के देवर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। इसके बाद बांसवाड़ा मुख्यालय से एफएसएल टीम को बुलवाकर साक्ष्य एकत्र किए और शव को अपने कब्जे में लेकर महात्मा गांधी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।आरोपी पति सोहन वारदात के बाद से फरार है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें : Ajmer News: आरएएस के 972 पदों के लिए कल से शुरू होंगे इंटरव्यू, 2168 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया
पुलिस के अनुसार मृतका रकमा के 12 वर्षीय बेटे पवन ने बताया कि रात को किसी बात को लेकर माता-पिता दोनों झगड़ रहे थे। इसके बाद पिता ने मां के सिर पर सरिया मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चे हैं। किस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ और पत्नी को जान गंवानी पड़ी, इसका खुलासा आरोपी सोहन की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
इधर जुआफाल गांव में भूमि विवाद को लेकर 68 वर्षीय जोखा पिता अमीरा डिंडोर की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार जमीन के विवाद के चलते घर पर आए रामलाल पिता लालू ने जोखा पर लठ से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ वार के कारण जोखा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पुत्र की सूचना पर तड़के दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वारदात के बाद से रामलाल मौके से फरार है। रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव दोपहर बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।