जिला मुख्यालय पर सोमवार को भगवान जगन्नाथ की पहली भव्य रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से आयोजित इस रथयात्रा में महिला-पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान हुई मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी, बल्कि भक्ति का माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया।
रथयात्रा सोमनाथ महादेव मंदिर से शुरू होकर आगरा रोड, पीजी कॉलेज, गांधी तिराहा, नया कटला, मानगंज और नई मंडी रोड होते हुए श्याम मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चलते रहे। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस्कॉन के श्रीराम दास फुलाई ने बताया कि भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का विधिवत पूजन एवं दिव्य स्वागत किया गया। श्याम मंदिर में महाआरती के साथ रथयात्रा का समापन हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही दो दिवसीय जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ भी हुआ। महोत्सव के तहत हरिनाम संकीर्तन, भगवान जगन्नाथ की कथा तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पढ़ें: पटवार भर्ती-2021 पेपर फर्जीवाड़ा: डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने वाला निलंबित पटवारी गिरफ्तार, एसओजी ने दबोचा
माँ वैष्णो देवी धाम में 22वें पाटोत्सव महोत्सव का शुभारंभ
दौसा के काली पहाड़ी स्थित माँ वैष्णो देवी धाम में सोमवार को 22वें पाटोत्सव महोत्सव का शुभारंभ पंचमुखी हनुमान मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में माँ वैष्णो देवी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा कुंडल मंडल अध्यक्ष रामप्रसाद गुर्जर तथा विशिष्ट अतिथि प्रधान प्रहलाद रोहड़ा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए माँ की आराधना में लीन दिखाई दिए।
आयोजन समिति के अनुसार पाटोत्सव महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति ने माँ वैष्णो देवी से सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए महोत्सव के सफल, मंगलमय एवं ऐतिहासिक आयोजन की प्रार्थना की।