जयपुर में बुधवार शाम घुमंतू, विमुक्त और अर्धघुमंतू (डीएनटी) समाज की महापंचायत के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया। विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित महापंचायत समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की घोषणा की। पहले से तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों और आसपास के स्थानीय लोगों पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें: Balotra News: भारतमाला हाईवे पर बैरिकेड से टकराई कार, पूर्व सरपंच की दर्दनाक मौत, विधायक ने उठाए बड़े सवाल
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर उनके प्रतिनिधिमंडल की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से सकारात्मक वार्ता कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और सुरक्षा व्यवस्था तोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और पुलिस पर पथराव किया।
पथराव की घटना में 12 से अधिक लोग, जिनमें पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हैं, घायल हुए हैं। वहीं पुलिस की कार्रवाई में कुछ प्रदर्शनकारी भी चोटिल हुए। पुलिस ने मौके से करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
महापंचायत में डीएनटी समाज ने सरकार के सामने 10 प्रतिशत अलग आरक्षण की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा सरकारी रिकॉर्ड में सूचीबद्ध जातियों की त्रुटियां सुधारने, पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों में 10 प्रतिशत आरक्षण, आवासीय भूमि के पट्टे, शिक्षा बजट में विशेष प्रावधान, रोजगार प्रशिक्षण, विदेश में उच्च शिक्षा, स्वरोजगार के लिए आसान ऋण, अलग मंत्रालय और वित्त निगम के गठन सहित कई मांगें रखीं। समाज का कहना है कि इन मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प - फोटो : credit
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प - फोटो : credit