राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सीमावर्ती जिलों में कैंसर के बढ़ते खतरे को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की फैक्टरियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है।
राज्यपाल यह बात भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के 23वें कैंसर सर्वाइवर्स डे कार्यक्रम में महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में बोलते हुए कही। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कैंसर से बचाव के लिए अर्ली डिटेक्शन को सबसे अहम बताया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कैंसर की पहचान हो जाए तो उसका इलाज अधिक प्रभावी और सफल हो सकता है। केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि देशभर में 450 से अधिक डे-केयर सेंटर संचालित हो रहे हैं और एंटी-कैंसर दवाओं को आयुष्मान आरोग्य योजना से जोड़ा जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिलेगी। इसके अलावा फरवरी से सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसे भविष्य में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम माना जा रहा है।
राज्यपाल बागडे ने “कैंसर मुक्त राजस्थान” का लक्ष्य तय करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे “टीबी मुक्त राजस्थान” की दिशा में प्रयास हो रहे हैं, वैसे ही कैंसर को खत्म करने के लिए भी व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिए।
पानी की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने पंजाब के राज्यपाल को पत्र भी लिखा है और उम्मीद जताई कि जल्द समाधान निकलेगा। उन्होंने लोगों को तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ये कैंसर के प्रमुख कारण हैं, भले ही कुछ लोगों को तुरंत प्रभाव न दिखे।
पढ़ें- घर-आंगन में भीषण आग से अफरातफरी: अपार्टमेंट की छठी मंजिल से 15 लोगों का रेस्क्यू, युवक को कंधे पर उठाकर बचाया
कार्यक्रम में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि राज्य सरकार ने 35 हजार करोड़ रुपये का मेडिकल बजट निर्धारित किया है और 60 हजार पदों पर भर्तियों की घोषणा की है, जिनमें से 25 हजार नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 68 लाख से अधिक मरीजों को 13 हजार करोड़ रुपये का लाभ मिल चुका है। वहीं नेशनल हेल्थ मिशन के अंतर्गत कैंसर स्क्रीनिंग के लिए नियमित सर्वे भी किए जा रहे हैं।
सर्वाइकल कैंसर, जो देश में दूसरा सबसे ज्यादा फैलने वाला कैंसर है, उसकी रोकथाम के लिए जागरूकता और टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हाल ही में नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में इस अभियान की शुरुआत की है, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।