जालौर जिले के सांचोर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर गुजरात नंबर की एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से 30 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गणपतसिंह पुत्र वरदसिंह निवासी अरणाय, थाना करड़ा के रूप में हुई है। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 36.80 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हाडेतर सरहद में हुई कार्रवाई
एसपी ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में, थाना अधिकारी देवेंद्रसिंह कच्छवाह के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड्दान रतनू और सहायक पुलिस अधीक्षक कार्बले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन में गठित पुलिस टीम ने इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- Alwar News: कानूनगो की संदिग्ध मौत से सनसनी, तहसीलदार पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप; प्रशासन में मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार, एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने हाडेतर सरहद में गुजरात नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखी गईं 30 पेटियां अवैध शराब और बीयर पाए गए, जिनमें राजस्थान में निर्मित अंग्रेजी शराब शामिल थी।
गिरफ्तार आरोपी से जारी है पूछताछ, नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
वाहन से गिरफ्तार आरोपी गणपतसिंह को आबकारी अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह जानकारी मिल सके कि यह शराब कहां सप्लाई की जानी थी और इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस को शक है कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी जड़ें प्रदेश के बाहर तक फैली हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: बिटकॉइन फ्रॉड ने ली युवक की जान, खुद को आग लगाकर नौवीं मंजिल से कूदा; जानें पूरा मामला
‘तस्करों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे हैं अभियान’
एसपी ज्ञानचंद यादव ने बताया कि राजस्थान पुलिस अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और लगातार विशेष अभियानों के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।
अब आरोपी से पूछताछ के जरिए आपूर्ति चैन, वितरण केंद्र और अन्य संभावित तस्करों की जानकारी एकत्र की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके।