शहर के कुड़ी थाना क्षेत्र स्थित झालामंड मोती मार्केट बाईपास पर बुधवार दोपहर स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर के बाद जमकर बवाल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार के साथ कथित मारपीट से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर उसे पलट दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और आरएसी के जवान मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे सुरेश प्रजापत अपनी बाइक से मोती मार्केट स्थित दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार युवक ने सुरेश के साथ मारपीट भी की।
घायल सुरेश के पिता नारायण राम ने बताया कि उनका बेटा सीमेंट की दुकान संचालित करता है। उनका आरोप है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक ने सुरेश को वाहन से नीचे उतारकर बुरी तरह पीटा, जिससे उसके दोनों जबड़ों में गंभीर चोट आई और चेहरे पर भी घाव हुए हैं, फिलहाल उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
ये भी पढ़ें: Jaipur Hotel Murder: जयपुर में दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, फिर फेसबुक लाइव कर बोले- 'राजा, राजा होता है और प्रजा, प्रजा'
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक ने पहले बाइक सवार को ओवरटेक किया और बाद में वाहन रोककर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कथित तौर पर चालक ने सुरेश के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद जब वह मौके से भागने लगा तो लोगों ने उसे रोक लिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी और वाहन को पलट दिया। इसके बाद सड़क पर जाम लग गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही बोरानाडा एसीपी नरेंद्र कुमार पारीक, कुड़ी थाना पुलिस और आरएसी के जवान मौके पर पहुंचे। एसीपी पारीक ने बताया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामले में स्कॉर्पियो में सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया। पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण होने पर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।