नए साल के अवसर पर सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से ही मौसम बेहद खराब होने के बावजूद लोगों की संख्या में कोई कमी नजर नहीं आई। देश-विदेश से बड़ी तादाद में पर्यटक रणथंभौर नेशनल पार्क के भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं नए साल के पहले दिन त्रिनेत्र गणेश मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है।
कोहरा और बारिश के बीच भी बरकरार जोश
घनघोर कोहरे और हल्की रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पूरे जिले में कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। ठंड के बढ़ते असर के बीच लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचाव करते नजर आए, लेकिन मौसम की मार भी रणथंभौर आने वालों के जोश को नहीं रोक सकी।
पुलिस और प्रशासन को करनी पड़ी मशक्कत
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को शेरपुर हेलीपैड पर ही रोक दिया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। दूर-दराज से आने वाले वाहनों की रेलमपेल के चलते ट्रैफिक को नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- Ranthambore: सांसद प्रियंका गांधी ने परिवार सहित नववर्ष के पहले दिन की टाइगर सफारी, देखीं बाघों की अठखेलियां
होटल हाउसफुल, आगे भी जारी रहेगा सिलसिला
नए साल के मौके पर रणथंभौर में पर्यटकों की भारी आमद से होटल पूरी तरह हाउसफुल हो चुके हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार आने वाले दिनों में भी यह सिलसिला इसी तरह जारी रहने की संभावना है।