Sikar Weather News : सीकर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज अचानक बदला और जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया। लगातार करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश और उसके बाद रुक-रुक कर बरसते मेघों ने शहर की सूरत बदल दी। तेज बारिश ने शहर के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। मुख्य सड़कों पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की प्रमुख सड़कों, बजाज रोड, स्टेशन रोड, महामंदिर रोड, नवलगढ़ रोड और पिपराली रोड पर हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां जलभराव के कारण सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के पानी में दोपहिया वाहन बंद हो गए, कई जगह कारें भी फंस गईं। पैदल चलने वाले लोग गंदे पानी और कीचड़ में रास्ता बनाने को मजबूर रहे।
व्यवस्थाओं पर खड़े हुए सवाल
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई और पानी निकासी के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ जाती है। शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है। लोग खुलेआम कह रहे हैं कि प्रशासन की लापरवाही और लचर व्यवस्था ने ही इस परेशानी को और बढ़ाया।
ये भी पढ़ें- Rajasthan: कोटा-बूंदी में फंसे लोगों की मदद के लिए वायुसेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर तैनात, कई गांवों से संपर्क कटा
आम जनजीवन अस्त-व्यस्त
गौरतलब है कि सीकर जिले में मानसून की सक्रियता पिछले दो दिनों से बनी हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश की संभावना जताई थी। अचानक तेज बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़े और कई इलाकों में घरों के अंदर तक पानी घुसने की शिकायतें सामने आईं। तेज बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं शहरवासियों के लिए यह आफत बन गई है। खेतों को भरपूर पानी मिला है, लेकिन शहर की सड़कों और बस्तियों में जलभराव ने आम जनता को बेहाल कर दिया। लोग प्रशासन से ठोस व्यवस्था और समय पर जल निकासी की मांग कर रहे हैं ताकि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ें नहीं।
ये भी पढ़ें- jaipur heavy rainfall: जयपुर में साढ़े तीन इंच से ज्यादा बारिश, देर रात से शुरू हुई झमाझम सुबह तक जारी