एनएसयूआई शिमला जिला इकाई ने राज्य चयन आयोग की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में अनियमितताओं और धांधली का आरोप लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर एक प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई शिमला जिला अध्यक्ष शुभम हार्डी वर्मा ने किया। एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र डीसी कार्यालय के बाहर जमा हुए और सरकार तथा आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चयन आयोग परीक्षाओं में ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को टेंडर दिए जाने, तकनीकी खामियों, सर्वर क्रैश, परीक्षा केंद्रों के मनमाने आवंटन और अचानक परीक्षा रद्द होने जैसे मुद्दों पर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की। एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और चयन आयोग ने इन मांगों पर तत्काल ध्यान नहीं दिया तो वे पूरे प्रदेश में प्रदर्शन तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिल जाता और एसएससी की परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं हो जाता। प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष रणदीप ठाकुर, संजौली महाविद्यालय के प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा, कोटशेरा प्रभारी रचित शर्मा, सायंकालीन अध्ययन केंद्र के प्रभारी धनंजय शर्मा, कन्या महाविद्यालय प्रभारी अनामिका ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।