{"_id":"69eca18ffade60f56a01046f","slug":"video-video-amatha-ma-para-pahaca-44-dagara-l-ka-thapaugdha-sa-thanabhara-bhal-raha-lga-2026-04-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"Video: अमेठी में पारा पहुंचा 44 डिग्री , लू के थपेड़ों से दिनभर बेहाल रहे लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Video: अमेठी में पारा पहुंचा 44 डिग्री , लू के थपेड़ों से दिनभर बेहाल रहे लोग
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हर दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी से हालात और कठिन होते जा रहे हैं।
6.7 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाओं ने बाहर निकलने वालों को परेशान किया। सुबह 10 बजे के बाद ही बाजारों में आवाजाही कम हो गई और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे।
दोपहर 12:20 बजे गौरीगंज के हनुमान तिराहे के पास परिषदीय और राजकीय स्कूलों के बच्चे छुट्टी के बाद घर लौटते नजर आए। तपती धूप में चलते हुए बच्चे गर्मी से बेहाल दिखे। कई बच्चों के चेहरे लाल पड़ गए थे और प्यास से व्याकुल नजर आए।
सिर पर बैग और कपड़ा रखकर बच्चे धूप से बचने की कोशिश करते दिखे। दोपहर में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों का असर हर वर्ग पर दिखा। लोग सिर पर गमछा, टोपी और छाता लगाकर निकलते नजर आए। कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम रहे। गर्मी के बीच बिजली कटौती ने मुश्किलें बढ़ा दीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती अधिक रही। गौरीगंज के टिकरिया फीडर पर रात 10 से 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रही, जिससे बाबूपुर, अर्जुनपुर और अन्नीबैजल समेत कई गांव प्रभावित हुए। इसके अलावा हर दो से तीन घंटे के बीच 10 से 20 मिनट की कटौती जारी रही। गौरीगंज, अमेठी और जगदीशपुर के बाजारों में सुबह नौ बजे के बाद चहल-पहल घट गई।
शाम तक केवल जरूरी काम से लोग बाहर निकले। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ कम रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, बेल का शरबत और ठंडे पेय का सहारा लेते दिखे। ग्रामीण इलाकों में भी दोपहर के समय कामकाज प्रभावित रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 24 घंटे मौसम शुष्क रहेगा। तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहने और पश्चिमी दिशा से तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
बढ़ रहा डिहाइड्रेशन का खतरा
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय के अनुसार इमरजेंसी में डिहाइड्रेशन और डायरिया के मरीज बढ़े हैं। शनिवार को नौ मरीज डायरिया से पीड़ित मिले।
इनसेट: बचाव के उपाय
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलें
- पर्याप्त पानी और ओआरएस का सेवन करें
- ढका हुआ और ताजा भोजन लें
- नींबू पानी, बेल का शरबत, नारियल पानी पिएं
- धूप में निकलते समय सिर और शरीर ढकें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।