धमतरी जिले में कुछ दिन पहले मुजगहन बाईपास के पास आधी रात को एक बाइक सवार युवक और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति का वीडियो वायरल हुआ था। अब इस मामले में युवक का एक नया वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक ने अफसोस और पछतावा जताते हुए मामले को आगे न बढ़ाने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि पहले वायरल हुए वीडियो पर सोशल मीडिया में लगातार टिप्पणियां आ रही थीं। मामले की जांच के लिए एसपी ने तीन डीएसपी की जांच समिति भी गठित की थी। अब इस नए वीडियो के बाद मामले के शांत होने की संभावना जताई जा रही है।
इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में युवक किशोर ने कहा, "दोस्तों, उस रात मैं परिवार के साथ फिल्म देखकर लौट रहा था। पुलिसकर्मियों ने मेरी गाड़ी रोकी। वहां बैरिकेड नहीं था, जो मुझे उचित नहीं लगा। अपनी सुरक्षा के लिए मैंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और मेरे बीच तीखी बहस हो गई। बाद में टीआई को बुलाया गया। मुझे भी उनके साथ सहयोग करना चाहिए था, लेकिन माहौल गरम हो गया और बात बढ़ती चली गई। मैंने भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
मामला बहुत छोटा था, लेकिन लोग वीडियो को एडिट कर अलग-अलग तरीके से साझा करने लगे। इस पर काफी टिप्पणियां भी आईं। मुझसे किसी तरह की रिश्वत नहीं मांगी गई थी। पुलिस द्वारा मांगा गया पहचान पत्र भी मैं जमा कर चुका हूं। अब मैं इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता। जो होना था, हो चुका है। वह मेरे जीवन का एक बुरा समय था। मुझे अपने परिवार का ध्यान रखना है। मैं नहीं चाहता कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई और वीडियो साझा किया जाए। इस मामले से संबंधित कोई भी वीडियो आगे न डाला जाए। यह वीडियो मैं किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से बना रहा हूं।"