फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र में पानी की समस्या से परेशान पहाड़पुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को बवाल कर दिया। ग्रामीणों ने पहले तो टूंडला एटा-मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया, जब पुलिस जाम को खुलवाने पहुंची तो पथराव कर दिया। ग्रामीणों ने रोडवेज बसों और पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाया। करीब आधे घंटे तक जमकर पथराव हुआ। इससे बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री जान बचाने के लिए बसों से कूद गए। घटना की सूचना पर एसपी देहात, एसडीएम टूंडला, सीओ सहित कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। पथराव में रोडवेज की बसें और पुलिस को दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। चौकी इंचार्ज नगला बीच सहित सात लोग घायल हुए हैं। एसपी देहात ने कहा कि पथराव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिरोजाबाद में पानी को लेकर बवाल: ग्रामीणों ने वाहनों पर किया पथराव, एक घंटे तक रही दहशत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना नारखी के पिपरौली में बनी पानी की टंकी से पहाड़पुर को सप्लाई जाती है। रविवार को दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद होने के बाद पानी की लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके कारण सोमवार को गांव में पानी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने शिकायत की तो अफसरों ने गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को सुबह पहाड़पुर के ग्रामीणों ने टूंडला-एटा मार्ग पर खाली बर्तनों के साथ धरना दिया। कुछ देर कोई नहीं आया तो मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगाने वालों में ग्रामीण महिला पुरुष एवं बच्चे थे।
जाम की सूचना पर नगला बीच चौकी प्रभारी अशेष कुमार सिंह कुछ पुलिसकर्मियों के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण समस्या के निस्तारण और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस बीच टूंडला, नारखी, नगला सिंधी, पचोखरा व अन्य थानों का पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस बल की संख्या में इजाफा होने के साथ ही पुलिस ने जबरन जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया।
पथराव में एटा से आगरा जाने वाली रोडवेज की दो बस, पुलिस की दो जीप क्षतिग्रस्त हो गईं। बदायूं डिपो के बस चालक दलवीर, चौकी प्रभारी नगला बीच अशेष कुमार, दो सिपाही और पहाड़पुर निवासी रचना, पुष्पादेवी और केसी कुमार घायल हो गए। स्थिति बिगड़ता देख पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। एसपी देहात डॉ.अखिलेश नारायण सिंह, सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव, एसडीएम टूंडला बुशरा बानो भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
एटा से आगरा जा रही रोडवेज की बसें जाम में फंस गई थीं। महिलाएं बस के अंदर बच्चों के साथ बैठी थीं। पुरुष बसों से उतर कर सड़क पर खड़े होकर जाम खुलने का इंतजार कर रहे थे। अचानक पथराव होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं बच्चों के साथ सीटों के नीचे छिप गईं तो पुरुष खेतों की ओर भाग गए। इस बीच जिसको जहां जगह मिली वह वहां छिप गया। कुछ यात्री बस से कूदकर भागे ताकि पथराव से बचा जा सकें।