Aligarh News: सिंधौली में गेट के जीर्णोद्धार पर विवाद, दो पक्षों में तनातनी, काम बंद कर पीएसी तैनात
गेट पर टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा था, इसी दौरान वहां महाराणा प्रताप का चित्र भी लगा दिया गया। इस चित्र को देखते ही दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल गरमा गया।
विस्तार
अलीगढ़ में थाना गांधी पार्क क्षेत्र के ग्राम सिंधौली में 30 अप्रैल रात गांव के मुख्य गेट के जीर्णोद्धार को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। गेट पर महाराणा प्रताप का टाइल्स चित्र लगाए जाने पर दो पक्षों में तीखी बहस हो गई, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। चित्र लगाए जाने के विरोध में महिलाएं भी एकत्र हो गईं। काम बंद कराकर मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।
वार्ड संख्या पांच के तहत सिंधौली गांव का मुख्य प्रवेश द्वार करीब 15 वर्ष पुराना है। जर्जर हो चुके इस गेट का स्थानीय निवासी जीर्णोद्धार करा रहे थे। स्थानीय निवासी रजत ठाकुर के अनुसार सर्व समाज की सहमति से गेट पर टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा था, इसी दौरान वहां महाराणा प्रताप का चित्र भी लगा दिया गया। इस चित्र को देखते ही दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल गरमा गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद पूनम के पति व बसपा के कोल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रभारी मोनू ने थाना गांधी पार्क में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जानकारी होते ही सीओ द्वितीय धनंजय कुमार और एसीएम द्वितीय विनीत मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है। गांव में एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई है। देर रात तक प्रशासनिक अधिकारी दोनों पक्षों को शांत कराने के प्रयास में जुटे रहे। अधिकारियों ने एक पक्ष से लगाए गए टाइल्स चित्र को हटाने का आग्रह किया है, ताकि विवाद को बढ़ने से रोका जा सके। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है।
निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। संबंधित पक्षों को समझाया जा रहा है। बातचीत के जरिये मामले का हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है। - विनीत मिश्रा, अपर सिटी मजिस्ट्रेट, द्वितीय
कुछ समय पहले मथुरा रोड पर ढकरौला गांव में गेट पर नीला पेंट करवाने का विरोध होने पर काम रुकवा दिया गया। इसको मान लिया गया। इसी आधार पर तय होना चाहिए कि कोई नई परंपरा या पहल नहीं होनी चाहिए। - रतनदीप सिंह, जिलाध्यक्ष, बसपा
