Rinku Singh: विश्व कप जीतकर घर पहुंच लिया मां से आशीर्वाद, पिता को याद कर भावुक हुए रिंकू सिंह
टी-20 विश्वकप जीतने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह पहली बार अपने घर अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने करीब 27 घंटे परिवार के साथ बिताए। इस दौरान रिंकू पिता को याद करते हुए भावुक नजर आए।
विस्तार
टी-20 विश्वकप जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने अपने परिजनों के साथ विश्व विजेता बनने के राज खोले। उन्होंने कहा कि टीम का बेहतर समन्वय, एकजुटता और फिर से चैंपियन बनने के मजबूत विश्वास ने फिर से विश्व विजेता बनाया।
रिंकू सिंह ने कहा कि विश्वकप में टीम के सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया। मैदान पर हर खिलाड़ी का लक्ष्य सिर्फ देश के लिए जीत हासिल करना था। इसी विश्वास और सामूहिक प्रयास ने टीम को चैंपियन बनाया। रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया कि परिवार के साथ बातचीत के दौरान कई बार रिंकू भावुक भी हो गए। खासकर जब पिता खानचंद की बात चली तो उनकी आंखें नम हो गईं।
रिंकू के पिताजी का 27 फरवरी को निधन हो गया था। रिंकू हमेशा अपने पिता के संघर्ष और परिवार के समर्थन को याद करते हैं और उसी से उन्हें आगे बढ़ने की ताकत मिलती है। वह अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और देशवासियों के आशीर्वाद को देते हैं। रिंकू सिंह की यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत और संघर्ष आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
विश्वकप जीतकर घर पहुंचे रिंकू सिंह, 27 घंटे परिवार संग बिताए
टी-20 विश्वकप जीतने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह पहली बार अपने घर अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने करीब 27 घंटे परिवार के साथ बिताए। इस दौरान रिंकू पिता को याद करते हुए भावुक नजर आए।
मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर पहुंचते ही रिंकू सिंह ने सबसे पहले अपनी मां बीना देवी के चरण स्पर्श किए। मां ने बेटे के सिर पर हाथ रखकर उसे खूब नाम कमाने और आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की और काफी देर तक बातचीत की।
रिंकू सिंह ने सभी को मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे का साथ देने की बात कही। उनकी सादगी और अपनापन देखकर परिवार के लोग भी भावुक हो गए। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे रिंकू सिंह ने घर के बड़ों से आशीर्वाद लिया और छोटों को प्यार देकर नोएडा के लिए रवाना हो गए। अब वह आईपीएल के बाद घर लौटेंगे।