सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Food Adulteration in Bareilly Roasted gram adulterated with auramine

यूपी में मिलावट का खेल: भुने चने में औरामाइन की मिलावट, चायपत्ती में भी जिंदगी छीनने वाले रंग, घी भी अधोमानक

संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली Published by: आकाश दुबे Updated Fri, 20 Feb 2026 10:41 AM IST
विज्ञापन
सार

ब्रांडेड मिर्च, धनिया व हल्दी पाउडर से लेकर पास्ता मसाला तक में जहरीले रंगों की मिलावट मिली है। घी भी अधोमानक मिला है। औरामाइन रंग चने को चमकदार पीला रंग देने के साथ ही कुरकुरापन भी देता है।

Food Adulteration in Bareilly Roasted gram adulterated with auramine
केमिकलयुक्त चने से हो सकती हैं गंभीर बीमारियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

फैक्टरियों से लेकर बाजार तक खाद्य पदार्थों में मिलावट की जा रही है। खाद्य पदार्थों के सैंपलों की जांच में पाया गया है कि आप सेहत बनाने के लिए जिस भुने चने को खा रहे हैं, उसमें जिंदगी छीन लेने वाले खतरनाक सिंथेटिक रंग मिले हैं। ये रंग आपके शरीर में कैंसर जैसी बीमारी उत्पन्न करने वाले हैं। चायपत्ती में भी ऐसे ही रंगों की मिलावट की पुष्टि हुई है। 

Trending Videos

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, श्यामगंज में मूर्ति इंटरप्राइजेज के यहां से 16 दिसंबर 2025 को जिस भुने चने का नमूना लिया गया था, वह औरामाइन रंग से रंगा है। खाद्य विश्लेषक की जांच में यह नमूना असुरक्षित घोषित हुआ है। चिकित्सकों के मुताबिक, यह रंग शरीर में जाने पर लिवर, किडनी को प्रभावित करता है। कैंसर जैसी बीमारियों का भी कारक है। औरामाइन रंग चने को चमकदार पीला रंग देने के साथ ही कुरकुरापन भी देता है, इसीलिए कारोबारी इसका प्रयोग करते हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शहदाना श्यामगंज में स्थित रिच इंडिया-टी प्राइवेट लिमिटेड प्रतिष्ठान से 15 सितंबर 2025 को एटीसी ब्रॉन्ड चायपत्ती का नमूना लिया गया था। खाद्य विश्लेषक ने इसे भी अधोमानक एवं असुरक्षित घोषित किया है। चायपत्ती में सनसेट यलो रंग की मिलावट पाई गई है। विशेषज्ञ बताते हैं कि सनसेट यलो रंग से पेट में जलन, एसिडिटी, लिवर को नुकसान और कैंसर जैसी बीमारियां जन्म लेती हैं। त्वचा संबंधी बीमारियों की भी आशंका बढ़ जाती है।

पास्ता मसाले में लम्पस फंगस
परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एचएन फूड प्रोडक्ट्स के यहां से दो जुलाई 2025 को लिया गया चटपटा पास्ता मसाले का नमूना जांच में अधोमानक एवं असुरक्षित घोषित हुआ है। इसमें लम्पस एवं फंगल ग्रोथ पाई गई है। बिथरी चैनपुर रोड नारियावल स्थित बाला जी ट्रेडर्स से राजहंस हेल्थ रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लिया गया था। खाद्य विश्लेषक ने इसे अधोमानक घोषित किया है।

दीपक स्वीट्स का घी अधोमानक
सिविल लाइंस में पटेल चौक चौपुला रोड पर स्थित दीपक स्वीट्स एंड आइसक्रीम के प्रतिष्ठान से तीन फरवरी को घी का नमूना लिया गया था। यह जांच में अधोमानक पाया गया है।

मिर्च पाउडर में मिला सूडान-टू एवं सूडान-श्री
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि दो फरवरी 2026 को आईवीआरआई रोड पर स्थित ब्रिज विलास मार्केट की शॉप नंबर-तीन मुल्ला जी चावल वाले के यहां से सप्तऋषि ब्रॉन्ड के तीन नमूने लिए गए थे। प्रयोगशाला में हुई जांच में तीखा मिर्च पाउडर के नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया है। इसमें सूडान टू एवं सूडान श्री की मौजूदगी मिली है। यह एक तरह की डाई है जो मानव शरीर के लिए कैंसरकारी है। लिवर व किडनी के लिए भी नुकसानदेह है। धनिया व हल्दी पाउडर के भी नमूने अधोमानक मिले हैं।

खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गठित दल ने बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों से खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए। फरीदपुर में स्थित नौ कोल्ड स्टोरेज प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि परसौना रोड पर शिफा डेयरी से मिश्रित दूध का एक नमूना लिया गया है। बिथरी चैनपुर रोड, नारियावल में राजेश मिल्क क्रीम विक्रेता से पनीर, प्रेमनगर स्थित आयुष शर्मा के प्रतिष्ठान से दूध का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फरीदपुर क्षेत्र के नौ कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया है। इसमें पाई गई अनियमितताओं के दृष्टिगत संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना नोटिस जारी किया जाएगा।

नमूनों में खतरनाक रंगों की मिलावट पाई गई है। जो नमूने असुरक्षित पाए गए हैं, उन प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सीजेएम के यहां और जो नमूने अधोमानक घोषित हैं, उनके संबंध में एडीएम सिटी के न्यायालय में वाद दाखिल करेंगे। इससे पहले संबंधित कारोबारियों को दोबारा नमूने की जांच करा लेने के लिए 30 दिन का समय देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। - अक्षय गोयल, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed