Hathras Weather: फिर कोहरे की चादर में लिपटा शहर, दृश्यता रही काफी कम, रेंगते रहे वाहन, रेल यातायात प्रभावित
कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड के साथ गलन बढ़ने से लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर दिखे। सुबह-सुबह बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
विस्तार
हाथरस शहर एक बार फिर 29 जनवरी को घने कोहरे और ठंड की चपेट में आ गया। इससे पहले 28 जनवरी रात अचानक कोहरा छाने से दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को भी दिक्कत हुई।
29 जनवरी सुबह से ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते लोगों को ठिठुरन और गलन का सामना करना पड़ा। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया, वहीं बाजारों में ऊनी कपड़ों की मांग रही। बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग ठंड से अधिक प्रभावित दिखाई दिए। दोपहर में कुछ समय के लिए हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान एक डिग्री घटकर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
कृषि वैज्ञानिक डाॅ. बलवीर सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय कोहरा रह सकता है। तापमान में उतार-चढ़ाव आने की संभावना है। बागला जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
रात भर तनी रही कोहरे की चादर, रेंगते रहे वाहन
सादाबाद क्षेत्र में एक बार फिर घने कोहरे ने दस्तक दी, जिसका जनजीवन की दिनचर्या पर खासा असर पड़ा है। 28 जनवरी को सुबह के समय कोहरे की चादर इतनी घनी रही कि दृश्यता बेहद कम हो गई। आगरा–अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कई जगहों पर चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े।
कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड के साथ गलन बढ़ने से लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर दिखे। सुबह-सुबह बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे से दिनचर्या प्रभावित हो रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरे और ठंड का असर बना रह सकता है।
