लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) में इस साल पर्यटन सत्र के दौरान सैलानियों को बाघ के दीदार हो रहे हैं। सोमवार को सुबह की पाली में जंगल सफारी कर रहे सैलानियों को घास के मैदान के बीच शिकार की फिराक में बाघ जंगली सूअर के पीछे तेजी से दौड़ाता दिखा। यह नजारा देख सैलानी रोमांचित हो गए। उन्होंने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया।
जानकारी के मुताबिक दुधवा पर्यटन परिसर से जिप्सी वाहनों में सवार सैलानी दक्षिण सोनारीपुर रेंज में जंगल सफारी कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बांकेताल पर्यटन मार्ग पर घास के मैदान में जंगली सूअर की पीछा करता बाघ दिखाई दिया। इस दौरान वह तेज रफ्तार के साथ भागकर झाड़ियों में ओझल हो गया। इस बीच घास के मैदान में कुछ दूरी पर शावक के साथ चहलकदमी कर रही मादा गैंडा बाघ को गुस्से में देख सुरक्षित स्थान की ओर भाग गई। सैलानियों ने इस रोमांचकारी नजारे को अपने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
यह भी पढ़ें- UP News: 'किसी लड़के के साथ ऐसा न हो, मुझे इंसाफ मिले', बरेली में धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार ने दी जान
दुधवा में खूब हो रहे बाघ के दीदार
उधर दुधवा पार्क के उप-निदेशक जगदीश आर ने बताया कि सत्र की शुरुआत के बाद से सैलानियों को दुधवा और किशनपुर अभयारण्य में बाघों के खूब दीदार हो रहे हैं। यहां कई ऐसे बाघ हैं जो जंगल सफारी के चिन्हित मार्ग और उसके आसपास चहलकदमी करते देखे जा रहे हैं। यही कारण है कि देश के विभिन्न इलाकों के अलावा विदेशी सैलानियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।