UP: पत्नी को पीटा, गुस्सा नहीं उतरा तो पिता ने बेटी को फंदे से लटकाया; बच्चों के कपड़े व स्कूल बैग में आग लगाई
Jaunpur News: जिले के कालीकुत्ती मोहल्ले में शराब के नशे में पिता पर 14 वर्षीय बेटी चंदा की पिटाई कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगा है। गंभीर हालत में उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता फरार है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर में शहर कोतवाली क्षेत्र के कालीकुत्ती मोहल्ले में शराब के नशे में पिता पर अपनी 14 वर्षीय बेटी चंदा बिंद की हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर हालत में उपचार के दौरान सोमवार को चंदा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता अखिलेश बिंद फरार है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कालीकुत्ती निवासी अखिलेश बिंद (42) का बृहस्पतिवार रात पत्नी सुनीता बिंद (38) से विवाद हो गया। मृतका के नाना और आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के कनेरी निवासी बच्चूलाल बिंद ने आरोप लगाया कि अखिलेश शराब का आदी है। घटना की रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान अखिलेश ने बच्चों के कपड़े और स्कूल बैग में आग लगा दी। उसने पत्नी सुनीता को भी जलाने की कोशिश की। इससे डरकर सुनीता घर से बाहर निकल गई। इसी दौरान अखिलेश ने अपनी बड़ी बेटी चंदा की बेरहमी से पिटाई की और उसे कमरे में ले जाकर फंदे पर लटका दिया।
सुनीता के घर पहुंचने पर अखिलेश छत पर चला गया। सुनीता ने बेटी को फंदे से नीचे उतारा और आसपास के लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में ननिहाल के लोग चंदा को लाइन बाजार क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
सोमवार को चिकित्सकों ने चंदा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी लेकर जा रहे थे, तभी दोपहर करीब 12 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस कालीकुत्ती पहुंचे।
पुलिस को घटना की जानकारी सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है। परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।