फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Man 25000 bounty arrested 2 lakh fraud hearing in Gyanvapi case on 4 August

Varanasi News Today: 2.19 लाख की ठगी में 25 हजार का इनामी अरेस्ट, ज्ञानवापी केस में चार अगस्त को सुनवाई; खबरें

Sat, 11 Jul 2026 01:54 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sat, 11 Jul 2026 01:54 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में डेबिट कार्ड बदलकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी 25 हजार के इनामी को सिगरा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया। वहीं, सिविल जज (सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक) के अवकाश पर रहने की वजह से ज्ञानवापी परिसर से मुकदमे में सुनवाई नहीं हो सकी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Man 25000 bounty arrested 2 lakh fraud hearing in Gyanvapi case on 4 August
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: डेबिट कार्ड बदलकर 2.19 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी 25 हजार के इनामी मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार को बिहार के गया से गिरफ्तार किया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी गया के फतेहपुर थाना क्षेत्र के रोशना गांव का निवासी है। 18 नवंबर 2022 को महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि आईसीआईसीआई बैंक के लहरतारा एटीएम से पैसे निकालते समय उनका डेबिट कार्ड मशीन में फंस गया। 

विज्ञापन


उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक से संपर्क किया। शाखा प्रबंधक ने अंकुर सिंह नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया। महिला ने अंकुर सिंह से संपर्क किया, जिसने बताया कि 30 मिनट में कार्ड मिल जाएगा। फोन पर चार बार में 2 लाख रुपये एटीएम से निकाले जाने का संदेश था। 

विज्ञापन

जेप्टो मार्केट प्लेस के नाम पर क्रेडिट कार्ड से ठगी
आरबीएल बैंक क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर साइबर ठगों ने जेप्टो मार्केट प्लेस के नाम पर 63097 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर शुक्रवार को चेतगंज थाने में साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज की गई। तुलसी कुआं निवासी पीड़ित विक्रम त्रिवेदी ने पुलिस को बताया कि वह आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड धारक हैं। 24 जून 2026 को क्रेडिट कार्ड से अनुमति के बिना 63097 रुपये का अनधिकृत लेनदेन हो गया। 

यह राशि ‘जेप्टो मार्केट प्लेस प्राइवेट लिमिटेड’ नामक मर्चेंट को भेजी गई थी। विक्रम त्रिवेदी ने बताया कि उन्होंने न तो यह लेनदेन किया था और न ही किसी के साथ अपना ओटीपी, सीवीवी या पिन साझा किया था। तुरंत आरबीएल बैंक की हेल्पलाइन पर ब्लॉक करवाया। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।  चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

आरा मशीन के विवाद में भाइयों में मारपीट, प्राथमिकी
चौकाघाट में आरा मशीन के इस्तेमाल को लेकर दो भाइयों में मारपीट हो गई। पीड़ित की तहरीर पर चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की है। चौकाघाट निवासी मदन ने बताया कि उनके पिता की ओर से दी गई दो आरा मशीनों में से एक का इस्तेमाल वह और उनके भाई छेदी लाल चौहान बारी-बारी से करते हैं। मदन मोहन का आरोप है कि जब भी उनकी बारी आती है, छेदी लाल अपने दोस्तों के साथ मिलकर काम में बाधा डालते हैं। 28 जून को मदन मोहन की बारी थी। जब वह आरा मशीन पर पहुंचे तो छेदी लाल ने दोस्तों के साथ गालीगलौज की। इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कक्षा 8 तक के स्कूल अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे
जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों का समय शुक्रवार को बदल दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए भूपेंद्र सिंह ने आदेश जारी कर परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्डों के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के सभी विद्यालयों का संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक करने के निर्देश दिए हैं।

बीएसए ने बताया कि यह व्यवस्था कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगी। सभी प्रधानाध्यापकों और प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षण कार्य और अन्य दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। आदेश का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी भी विद्यालय प्रशासन की होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसका पालन सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों को करना होगा। 

विज्ञापन

Varanasi News Today Man 25000 bounty arrested 2 lakh fraud hearing in Gyanvapi case on 4 August
वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala

ज्ञानवापी मामले में अब चार अगस्त को सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन/ फास्ट ट्रैक) अभिषिक्ता यादव के अवकाश पर रहने की वजह से शुक्रवार को ज्ञानवापी परिसर से जुड़े वर्ष 1991 के मुकदमे में सुनवाई नहीं हो सकी। अब चार अगस्त को सुनवाई होगी। इस याचिका के जरिये अदालत से ज्ञानवापी परिसर में नए मंदिर के निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने का अनुरोध किया गया है।

पिछली सुनवाई में उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से अधिवक्ता ने एक प्रार्थना पत्र दाखिल कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया था। कहा गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई पर रोक लगा रखी है। वहीं, वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी ने इस आपत्ति का विरोध किया था। उनका कहना था कि सर्वोच्च न्यायालय ने इस विशेष वाद में कोई रोक नहीं लगाई है। 

अवैध असलहा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत दो आरोपियों को मंडुवाडीह पुलिस ने बीती रात बीएलडब्ल्यू अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस, एक बाइक मिली। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र का निवासी हिमांशु तिवारी और प्रयागराज के हंडिया सैदाबाद थाना क्षेत्र का निवासी शिवम सिंह है। अवैध असलहा रखकर लोगों में भय का माहौल बनाते थे। पूर्व में शिकायत मिलने के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर टीम प्रयासरत थी। 

चौथी मंजिल तक खाना पहुंचाने से इन्कार पर मारपीट
चौथी मंजिल पर खाना पहुंचाने से इन्कार करने पर फूड डिलीवरी बॉय को मारा पीटा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित आर्यन गुप्ता उर्फ चिक्की निवासी नई बस्ती हुकुलगंज ने तहरीर में बताया कि ड्यूटी के दौरान उसे दिलशाद खान नाम के ग्राहक का ऑर्डर मिला था। मोबाइल ऐप में ग्राहक की लोकेशन बेसमेंट के नीचे अपार्टमेंट की दिखाई गई थी। 

ग्राहक ने उसे जबरन चौथी मंजिल तक ऑर्डर पहुंचाने के लिए कहा। जब उसने एप में दर्ज लोकेशन का हवाला देते हुए आपत्ति जताई तो ग्राहक भड़क गया। पीड़ित का आरोप है कि ग्राहक ने उसके साथ गालीगलौज की, कई थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। 

तीन वाहन चोर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद
फूलपुर थाना पुलिस ने चोरी की तीन बाइक और दो मोबाइल के साथ विवेक तिवारी उर्फ नितिन (20) निवासी खालिसपुर  नागेश उर्फ कुनाल विश्वकर्मा (22) निवासी नदोय  सिंधौरा और आकाश मिश्रा उर्फ विक्की (22) निवासी खालिसपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने चोरी की कई वारदात का खुलासा किया। विवेक ने बाइक एक साल पहले रामपुर क्षेत्र से चोरी करने और दोनों मोबाइल फोन चलती ट्रेनों से उड़ाने की बात स्वीकार की। 

नागेश ने बाइक चांदमारी क्षेत्र से चोरी करने की बात कबूली, जबकि आकाश ने छह महीने पहले भदोही के औराई क्षेत्र से चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस जांच में ई-चालान एप के जरिये सत्यापन करने पर शिवपुर और फूलपुर के पते पर पाया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चोरी के वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे। 

रिंग रोड पर दो पक्षों में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज 
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड में लालपुर के पास दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पहले पक्ष के हिमांशु यादव, निवासी खानपुर गाजीपुर ने आरोप लगाया कि कुलदीप मिश्रा और उसके चार-पांच साथियों ने उसके साथ मारपीट की, सिर फोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। 

दूसरे पक्ष के कुलदीप मिश्रा, निवासी गुरुवट  चोलापुर ने तहरीर में आरोप लगाया कि हिमांशु यादव और उसके एक साथी ने गालीगलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नवीन भारत ने कुरु गांव के प्रधान पर जातिसूचक गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कपसेठी थाने में शुक्रवार को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित नवीन भारत ने पुलिस को बताया कि गांव में बातचीत में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे कुरु प्रधान ने विवाद शुरू कर दिया और अपशब्द कहने लगे।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय कुछ पुलिसकर्मी भी थे। बावजूद पुलिसकर्मियों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पूर्व जिलाध्यक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया है। साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा की भी अपील की है। कपसेठी थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट
शिवपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के मामले में विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। बड़ालालपुर में वीडीए कॉलोनी निवासी प्रज्ञा तिवारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनका विवाह 28 जून 2023 को सिधौरा थाना क्षेत्र के गड़हरा निवासी निमेष उपाध्याय से हुआ था। शादी में पिता ने पुश्तैनी जमीन बेचकर 30 लाख खर्च किए थे। 

आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति निमेष, सास अनीता और ससुर हर्षवर्द्धन कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार और नकदी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती रही। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 

डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, नई प्रतिमा स्थापित 
कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु गांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को बृहस्पतिवार रात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीण आक्रोशित हो गए। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी गोमती नृपेंद्र कुमार ने स्थिति संभाली। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद दूसरी प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया गया। शाम को नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। 

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ दिन पूर्व भी क्षतिग्रस्त किया गया था। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि पुलिस को निर्देश दिया गया है कि ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर  प्राथमिकी दर्ज करें। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त किया। एसीपी राजातालाब ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। दो टीमें गठित की गई हैं। 

झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के आरोपी अनिल कुमार उर्फ मनीष कुमार को लोहता पुलिस ने शुक्रवार को सिटकहवा बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तुलाचक पोस्ट कोरौता लोहता का निवासी है। पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि अनिल कुमार ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। शादी के बात पर मुकर गया। धमकी भी दी। 

गुमटी का ताला तोड़ नकदी और सामान चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्तापुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने एक चाय-पान की गुमटी का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह वारदात का पता चला। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। पुलिस को तहरीर में चित्तापुर निवासी सूरज कुमार ने बताया कि चाय-पान की गुमटी बंदकर घर चले गए थे।

शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा मिला। अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था और एक दिन की बिक्री की नकदी, महंगी सिगरेट, गुटखा और सामान गायब था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। 

गंगा किनारे अज्ञात युवक का शव मिला
रामनगर थाना क्षेत्र के कुत्ता घाट-गोलाघाट के पास शुक्रवार सुबह गंगा किनारे करीब 35 साल के युवक का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक का रंग सावला, शरीर दोहरा है। उसके पास से एक बंद मोबाइल मिला है, कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने शव को एलबीएस अस्पताल की में रखवाया। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि शव की पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

दो मासूम बच्चों के साथ घर से निकली महिला
फूलपुर थाना क्षेत्र में पति के निधन के बाद पत्नी दो बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई। खोजबीन कर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में विवाहिता की सास ने बताया कि पुत्र राहुल का विवाह चोलापुर में हुआ है। कुछ महीने पहले राहुल की मुंबई में मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि पति की मौत के चार महीने बाद बुधवार रात नौ बजे उसकी पत्नी दोनों नाबालिग बच्चों को साथ लेकर घर से चली गई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है।

लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष बने मान सिंह 
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का द्विवार्षिक चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। सभी पदों पर केवल एक-एक प्रत्याशी के नामांकन करने के कारण पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया। जौनपुर जिला लेखपाल संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी घनश्याम पटेल की देखरेख में मानसिंह को जिला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। जितेंद्र बहादुर सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनु उपाध्याय कनिष्ठ उपाध्यक्ष, पवन कुमार मंत्री, पीयूष पांडेय उपमंत्री, जितेंद्र कुमार जायसवाल कोषाध्यक्ष और अजीत कुमार ऑडिटर निर्वाचित हुए। रविंद्र सिंह सहित सुबोध, अभिषेक, भूपेंद्र, राजेश मौर्य, सोनेलाल पटेल ने शुभकामनाएं दीं। 

31.08 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजय नगरम मार्केट में ओम गेस्ट हाउस के पास से 31.08 लीटर अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। एक आरोपी भाग निकला।  सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में विजयानगरम मार्केट निवासी हसन खान और संतोष पाल हैं। वहीं, बबलू पाल मौके से भाग निकला। 

कूटरचित दस्तावेज से पेंशन लेने का आरोप
कपसेठी थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के जरिये लोकतंत्र सेनानी पेंशन लेने और फर्जी अभिलेखों के आधार पर बीटेक में प्रवेश लेने के आरोप में पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी राम आसरे मौर्य ने अपर पुलिस आयुक्त गोमती जोन से शिकायत की थी कि राजकुमार मौर्य ने खुद को सुक्खू मौर्य बताकर लंबे समय से लोकतंत्र सेनानी पेंशन ली। अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि जांच की जा रही है। 

रिटायर्ड पुलिस अफसर को इंडिगो ने उड़ान से रोका
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर राघवेंद्र सिंह (71) को इंडिगो की उड़ान से यात्रा करने से रोके जाने का मामला शुक्रवार को सामने आया। मामला 29 जून का है। राघवेंद्र सिंह का आरोप है कि वैध टिकट, पहचान पत्र और डॉक्टर द्वारा जारी एयर ट्रैवल ऑथराइजेशन होने के बावजूद उन्हें बिना किसी वैध कारण के बोर्डिंग से मना कर दिया गया। इस मामले में उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), नागरिक उड्डयन मंत्रालय, डीजीसीए और इंडिगो एयरलाइंस को शिकायत भेजने के साथ ही लीगल नोटिस भी भेजा है। 

दुष्कर्म के मुकदमे से राहत मिली तो दायर किया मानहानि
दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मुकदमे में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद पत्रकार महर्षि कुमार सेठ ने जौनपुर के दीवानी न्यायालय में मानहानि का वाद दायर किया है। उन्होंने वाराणसी के चौबेपुर थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा समेत 10 लोगों को प्रतिवादी बनाया है। महर्षि कुमार सेठ ने बताया कि पारिवारिक रंजिश के चलते उन्हें और उनके परिजनों को मुकदमे में फंसाया गया। 6 जनवरी 2025 को पुलिस उन्हें पूछताछ के नाम पर कार्यालय से चौबेपुर थाने ले गई जहां मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। 

रेस में बेकाबू हुई दो थार गड्ढे में पलटी 
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित ऐढ़े इलाके में शुक्रवार को तेज रफ्तार थार गाड़ियों की रेस जानलेवा साबित हुई।  रेस के दौरान एक थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे मालवाहक टेंपो और साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए गड्ढे में पलट गई। हादसे में टेंपो चालक जीयस लाल निवासी रमगढ़वा  चौबेपुर और साइकिल सवार जितेंद्र राजभर निवासी बरईपुर सारनाथ गंभीर रूप से घायल दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस के अनुसार, दो थार तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थीं। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक थार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ट्रांसफार्मर के लगे वायर में करंट उतरने से गाय मरी
जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर गोशाला के पास लगे ट्रांसफार्मर के स्टे वायर में उतर रहे करंट की चपेट में आने से शुक्रवार गौरव सिंह की गाय मर गई। पशुपालक और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। विद्युत कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीओ सेवापुरी राहुल कुमार यादव ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। 

हाईवे पर ट्रक के टायर चोरी की साजिश नाकाम
फूलपुर पुलिस ने सुरही अंडरपास के पास से हाईवे पर खड़े ट्रकों के टायर चोरी की योजना बना रहे अवधेश उर्फ आर्यन कुमार, अमित यादव और इंद्रजीत राजभर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके कब्जे से टायर खोलने का पाना और ऑटो बरामद कर सीज कर दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑटो से रेकी कर रात में हाईवे पर खड़े ट्रकों व अन्य वाहनों के टायर चोरी कर कम कीमत पर बेच देते थे। अवधेश के खिलाफ भेलूपुर थाने में पहले से तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

एयरपोर्ट पर अपहरण की सूचना जांच में गलत निकली
सोशल मीडिया पर बाबतपुर एयरपोर्ट से मरीज सहित गाड़ी के कथित अपहरण और दबंगई को लेकर वीडियो वायरल है। गोमती जोन पुलिस ने जांच के बाद बताया कि मामला अपहरण का नहीं, बल्कि बैंक लोन की किस्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंट की ओर से वाहन को कब्जे में लेने का है। एडीसीपी जोन के मुताबिक, जौनपुर के रहने वाले डॉ. दिग्विजय सिंह ने एक अतिथि को एयरपोर्ट से लाने के लिए कार भेजी थी। वाहन पर बैंक की 7 किस्तें बकाया थीं। किस्तें न चुकाए जाने के कारण अधिकृत रिकवरी (रेपो) एजेंट ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को काजीसराय यार्ड में खड़ा करवा दिया। डॉ. दिग्विजय सिंह ने भी स्वीकार किया कि बकाया की वजह से एजेंट ने गाड़ी को कब्जे में लिया था। 

नाली निर्माण के विवाद में दो भाइयों से मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली-भोजूबीर में नाली निर्माण को लेकर पड़ोसियों के बीच मारपीट हुई, जिसमें सगे भाई घायल हुए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ज्ञानदीप के अनुसार, पड़ोसी कुलदीप उर्फ मुन्ना और धर्मदीप मकान के पास नाली निर्माण के लिए खोदाई करा रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे ज्ञानदीप और उसका भाई मनीष घायल हो गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।

मौसम की खराबी के कारण 4 विमान लेट
बाबतपुर हवाईअड्डे पर मौसम की खराबी के कारण चार उड़ानों के संचालन में देरी हुई। इस कारण कुछ उड़ानें एक घंटे से अधिक तो कुछ 17 मिनट की देरी से संचालित हुईं। शुक्रवार को विलंबित उड़ानों में शारजाह की दो, काठमांडो की एक और दिल्ली की एक उड़ान शामिल रही। शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-184 (शारजाह-वाराणसी-शारजाह) 27 मिनट की देरी से पहुंची और निर्धारित समय से देर से रवाना हुई। 

एयर इंडिया की उड़ान एआई-9232 भी 27 मिनट की देरी से पहुंची और रवाना हुई। इसी तरह बुद्धा एयर की उड़ान बीएचए-161 एक घंटे 12 मिनट की देरी से पहुंची और एयर इंडिया की उड़ान एआई-2623 (दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली) 17 मिनट की देरी से पहुंची और रवाना हुई। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मौसम की खराबी के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हुई। 

अखिलेश यादव के लुंगी और टोपी वाले पोस्टर के साथ भाजपा ने किया प्रदर्शन
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष और डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू के नेतृत्व में जेपी मेहता इंटर कॉलेज से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ रैली निकाली। लुंगी और टोपी पहनाए एक पोस्टर का प्रदर्शन किया और पुतला फूंका।

पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति केवल वोट बैंक तक सीमित है, जबकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जो प्रभु श्रीराम का न हुआ, वह किसी का नहीं होगा, जैसे नारे लगाए। सिद्धनाथ शर्मा, अजीत सिंह, रतन कुमार मौर्य, कमलेश, विवेक पांडे रहे। 

सपा कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का पुतला फूंका
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने चंदौली दौरे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर टिप्पणी की। इसके विरोध में शुक्रवार को पार्टी के नेता दीपचंद्र गुप्ता ने पांडेयपुर नई बस्ती में राज्यमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री की ओर से राष्ट्रीय स्तर के नेता के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। हम अपने नेता का अपमान नहीं सहेंगे। अखिलेश यादव के अयोध्या चढ़ावा प्रकरण की पोल खोलने से बौखलाई भाजपा इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए टिप्पणी कर रही है। रविंद्र जायसवाल को माफी मांगनी चाहिए। रोहित यादव, शैलेश सिंह गुडडू मौजूद रहे। 

बूथों के स्थानांतरण पर सपा ने जताया एतराज
समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश महासचिव ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के दूर-दराज स्थानांतरण पर एतराज जताया। किशन दीक्षित ने कहा कि मतदान केंद्रों को अचानक दूर स्थानांतरित करने से मतदाताओं को भारी असुविधा हो रही है और कई जगह विवाद की स्थिति है। 

जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि मतदान बूथों को पुरानी जगह पर ही रखा जाए। सपा प्रतिनिधि मंडल ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदान स्थल जर्जर हालत में है तो उसे तुरंत मरम्मत कराया जाए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में रीबू श्रीवास्तव, योगेंद्र यादव, राजू यादव, संतोष यादव रहे। 

डीआरएम ने शिवगंगा की रेक का किया निरीक्षण
डीआरएम आशीष जैन ने शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो में ट्रेन 12559 बनारस–नई दिल्ली शिवगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की रेक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम, ब्रेक बाइंडिंग के कारण और उसके समाधान की जानकारी ली और यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआरएम ने आग और धुएं का पता लगाने वाला सिस्टम, अलार्म चेन पुलिंग सिस्टम और उसे रीसेट करने की प्रक्रिया, इकॉनमी कोच के आईसी स्लाइडिंग दरवाजों की कार्यप्रणाली, ब्रेक कैलीपर्स, ब्रेक सिलिंडर, डर्ट कलेक्टर, लुब्रिकेशन, आइसोलेशन सहित कोचों के अनुरक्षण और रखरखाव से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। 

इंजी. सुरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी को दी गई श्रद्धांजलि
बीएचयू के मालवीय भवन में शुक्रवार को महामना मालवीय मिशन की ओर से समाजसेवी इंजीनियर सुरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उनका निधन बीते 29 जून को काशी में हो गया था। मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष विजय नाथ पांडेय ने कहा इंजीनियर त्रिपाठी महामना के आदर्शों के सच्चे संवाहक थे। राष्ट्रीय सचिव गोविंद अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया। संगठन मंत्री प्रमील पांडेय ने कहा कि महामना के सपनों के संघ भवन के ऐतिहासिक तथ्यों को उजागर करने में दिवंगत त्रिपाठी का बहुत योगदान है। 

लॉन संचालकों ने नए शुल्क को मानने से किया इन्कार
मैरिज लॉन संचालकों ने शुक्रवार को अंधरापुल के लॉन में बैठक कर वीडीए की ओर से लगाए गए शुल्क का विरोध किया। लॉन संचालकों ने दो दिन पहले लगाए गए अव्यावहारिक लगान को मानने से इन्कार कर दिया। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा और वाराणसी मैरिज लॉन व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंह पटेल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी ‘काले कानून’ का हवाला देकर लॉन संचालकों पर चाबुक चला रहे हैं।

उपाध्यक्ष मृत्युंजय सोनकर और कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनकर ने कहा कि इस तरह के निर्णय से व्यापारिक समुदाय में रोष है। संचालन राजेश श्रीवास्तव ने किया, जबकि महामंत्री बबलू मिश्रा ने धन्यवाद दिया। इस दौरान सदानंद पटेल, रमेश सोनकर, शिव प्रकाश मौर्य मौजूद रहे।

उधर, पिछले दिनों वीडीए की ओर से कोचिंग संस्थाओं को सील करने की कार्रवाई की गई थी। बाद में कोचिंग संचालकों ने वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा से मुलाकात की। उन्होंने सील कोचिंग खुलवाने का आग्रह किया। इस पर संचालकों को नक्शा दाखिल करने और शमन शुल्क जमा करने को कहा। 

जिला पंचायत की अंतिम बैठक में बढ़ाया दुकानों का किराया
जिला पंचायत वाराणसी की अंतिम सामान्य बैठक शुक्रवार को कार्यालय सभागार में हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला पंचायत के अधीन दुकानों का किराया 700 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये किया गया। इस दौरान सभी पंचायत सदस्यों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बताया कि शुक्रवार को पंचायत सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण शुक्रवार को ही अंतिम बैठक और विदाई समारोह हुआ। इसमें पहले बैठक के एजेंडों पर चर्चा हुई। पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि हुई। 2026-27 की विकास कार्ययोजना और वित्त आयोग की धनराशि पर चर्चा हुई। जिला पंचायत की दुकानों के किराये में वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति जताई गई। इसके तहत ही दुकानों के किराए को 700 से बढ़ाकर 1000 रुपये किया गया है।

जिला पंचायत से संचालित गोशालाओं के संचालन और विभिन्न समितियों व जनप्रतिनिधियों से प्राप्त निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया। अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बताया कि सभी सदस्यों ने कार्यकाल की तरह ही आगे भी  सुख-दुख में शामिल होने पर सहमति जताई। अध्यक्ष ने सरकार के आगामी निर्णय के आधार पर आगे की कार्ययोजना बना कर काम करने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी श्रीकांत दुबे समेत आदि मौजूद रहे। 

मेयर ने किया 103 करोड़ की सीवर और पेयजल योजनाओं का शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को उत्तरी विधानसभा के नई बस्ती वार्ड में 103.87 करोड़ रुपये के सीवर लाइन और पेयजल कनेक्शन कार्य का शिलान्यास किया। मेयर ने राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, क्षेत्रीय पार्षदों के साथ भूमि पूजन किया। परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में इस विशाल कार्य को गति दी जाएगी। 

मेयर ने स्पष्ट किया कि सीवर व पानी की नई पाइप लाइन बिछाने के कार्य में एक साल का समय लग सकता है। नई बस्ती वार्ड में 76.73 करोड़ की लागत से 26 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी और गृह संयोजन का कार्य पूरा किया जाएगा। पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए 27.14 करोड़ से पेयजल टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। इस दोतरफा बुनियादी विकास से जहां एक ओर सीवर की समस्या खत्म होगी सुनिश्चित होगी। राजेश यादव, संजय, दिनेश यादव, बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक मौर्या रहे। 

आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में देरी  सीडीओ ने कहा, हर सप्ताह करें समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में जून 2026 की जिला पोषण समिति की बैठक हुई। पोषण ट्रैकर और कन्वर्जेंस विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधूरे आंगनबाड़ी भवनों, पेयजल कार्यों और स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स की नियुक्ति में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। अफसरों को निर्देश दिए कि हर सप्ताह समीक्षा करें और एक सप्ताह में काम शुरू कराएं। 

2024-25 के तहत चिरईगांव और चोलापुर में अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा की गई। साथ ही 2025-26 में आराजीलाइन परियोजना के एक केंद्र पर कार्य शुरू न होने पर एक सप्ताह के भीतर निर्माण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने 2023-24 और 2024-25 के तहत आराजीलाइन, हरहुआ और पिंडरा ब्लॉकों में नल से जल योजना के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और समीक्षा के निर्देश दिए। 

बैठक में एनआरसी में स्टाफ नर्स की कमी का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि तीन महीने पहले निर्देश के बावजूद नियुक्ति नहीं हो सकी है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को एक सप्ताह में नियुक्ति कर सूचना देने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को समन्वय के साथ अभियान 6.0 को सफल बनाने के निर्देश दिए। 

छावनी बोर्ड के सीईओ ने  विभागों से रिपोर्ट तलब की 
छावनी परिषद के नव नियुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी विशाल सारस्वत ने कार्यभार संभालते ही परिषद की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। पहले ही दिन उन्होंने विभागों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। मुख्य अधिशासी अधिकारी ने बताया कि फिलहाल परिषद के सभी विभागों का समग्र आकलन किया जा रहा है। हर विभाग से वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों, लंबित परियोजनाओं और प्रमुख समस्याओं का ब्योरा मांगा गया है, ताकि वास्तविक जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि परिषद की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा और राजस्व के नए स्रोतों पर भी विचार किया जाएगा। 

विकसित भारत-2047 के लिए जनसंख्या सबसे बड़ी ताकत
काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग में विश्व जनसंख्या दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को विकसित भारत 2047: उभरती जनांकिकीय चुनौतियां एवं उनके नीतिगत समाधान विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। इसमें विशेषज्ञों ने कहा कि भारत की बड़ी युवा आबादी यदि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस हो जाए तो यही देश की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन सकती है। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने विचार रखे। मुख्य वक्ता प्रो. पारसनाथ मौर्य, प्रो. राजेश पाल, प्रो. राजीव कुमार, प्रो. हंसा जैन, प्रो. राकेश कुमार तिवारी, डॉ. ऊर्जस्विता सिंह रहीं। 

अधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
जिला पोषण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई। बैठक में पोषण ट्रैकर और कन्वर्जेंस विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में चिरईगांव और चोलापुर के अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत आराजीलाइन परियोजना के एक केंद्र पर कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए गए। कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। 

दुकानदारों ने की मुआवजा बढ़ाने की मांग
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत प्रभावित व्यापारियों ने शुक्रवार को चौक थाने के पीडब्ल्यूडी कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग उठाई। एडीएम सिटी राजेश कुमार ने उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। बैठक में व्यापारियों का कहना था कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले कई भवनों को जर्जर श्रेणी में रखा है। उन्होंने भवनों का पुनर्मूल्यांकन कर उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा दिए जाने की मांग की। बैठक में एडीएम सिटी राजेश कुमार, केके सिंह मौजूद रहे। 

प्लास्टिक मुक्त होगा रथयात्रा मेला क्षेत्र
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को रथयात्रा मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। मेयर ने कहा कि इस बार भी मेले को पूरी तरह प्रतिबंधित पॉलिथीन मुक्त रखा जाएगा। इसके लिए मेले में दुकान, ठेला और गुमटी लगाने वाले व्यापारियों से पहले ही शपथ पत्र भरवाया जाएगा। 

बैठक में मेयर ने रथयात्रा मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मेला क्षेत्र और उसके आसपास के रास्तों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही अधिकारियों से सौंपे गए दायित्वों को समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा गया। 

गंगा सेवी बाबा नागनाथ की याद में बांटीं साड़ियां 
मां गंगा की अविरलता और निर्मल धारा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले बाबा नागनाथ की 12वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को मनाई गई। इस अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में असहाय वृद्ध महिलाओं को साड़ियां और फल वितरित किए गए। इस दौरान लोगों ने बाबा नागनाथ के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया तथा मां गंगा की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा नागनाथ ने मां गंगा के अस्तित्व की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। कार्यक्रम का संचालन राहुल मिश्र  काशी ने किया। इस मौके पर विजय लक्ष्मी मिश्रा, राजलक्ष्मी तिवारी, किशन दीक्षित, पंकज सिंह, मनोज यादव मौजूद रहे। 

त्रिदेव मंदिर में 101 महिलाओं ने किया मंगल पाठ, लगा 56 भोग
त्रिदेव मंदिर में मारवाड़ी समाज की 101 महिलाओं ने शुक्रवार को रानी सती दादी का मंगल पाठ किया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।  मंगल पाठ गायिका सीमा केजरीवाल और अनीता तुलस्यान के नेतृत्व में महिलाओं ने संगीत के साथ नृत्यमय शैली में प्रस्तुत किया। महिलाओं ने रानी सती दादी को चुनरी भी अर्पित की। श्रीरानी सती, सालासर हनुमान जी और खाटू श्याम जी के विग्रहों को स्वदेशी फूलों से सजाया गया। पूजन में उषा तुलस्यान, सरिता सराफ, सरोज धानुका, शशि तुलस्यान, सरोज खेतान, मीरा अग्रवाल, सरिता, किरण शामिल रहीं। 

गो-रक्षा राष्ट्र और सनातन संस्कृति का आधार : नरेंद्रानंद सरस्वती
गो-सम्मान अभियान के तहत स्वामी गोपालानंद सरस्वती के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को काशी सुमेरुपीठ में पीठाधीश्वर नरेंद्रानंद सरस्वती से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 27 जुलाई को होने वाले गो-रक्षा एवं गो-सम्मान अभियान को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अभियान की सफलता के लिए आशीर्वाद और मार्गदर्शन दिया।

नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि गो-माता भारतीय संस्कृति और राष्ट्र जीवन की आत्मा हैं। गो-संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, कृषि व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समृद्धि से भी जुड़ा है। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से गो-सेवा और गो-संरक्षण को जनआंदोलन करने का आह्वान किया। 

उन्होंने कहा कि गो-रक्षा के लिए चल रहे जन-जागरण अभियानों को समाज का व्यापक सहयोग मिलना चाहिए। इससे सरकारें भी प्रभावी और कठोर कानून बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा सकेंगी। स्वामी गोपालानंद सरस्वती ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से देशभर में पदयात्रा के माध्यम से गो-सम्मान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में गो-सेवा की भावना जागृत करना है। 

व्रत रखकर श्रीहरि विष्णु और पुंडरीकाक्ष का किया पूजन
आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की योगिनी एकादशी पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु और पुंडरीकाक्ष की पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और कुष्ठ रोग से मुक्ति की कामना की। बिंदुमाधव, आदिकेशव, भगवान पुरुषोत्तम सहित विभिन्न विष्णु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। वहीं, श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य भी किया। वैष्णव परंपरा का पालन करने वाले श्रद्धालु शनिवार को व्रत रखकर पूजा-अर्चना करेंगे।

योगिनी एकादशी पर गृहस्थों ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान भी किया। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा कर दिनभर एकादशी का व्रत रखा। भगवान पुंडरीकाक्ष और भगवान विष्णु की आराधना की तथा मोहल्लों के विष्णु मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। पंचगंगा घाट स्थित बिंदुमाधव मंदिर, आदिकेशव मंदिर और कोदई चौकी स्थित पुरुषोत्तम मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। 

संकट मोचन में कार्यकर्ताओं के साथ दर्शन करने पहुंचे भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष
भाजपा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शुक्रवार को संकट मोचन हनुमान मंदिर में कार्यकर्ताओं के साथ विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के लिए प्रार्थना की।

मंदिर परिसर के बाहर महामना मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अशोक चौरसिया का स्वागत किया। उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अशोक चौरसिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती, अनुशासन, संवाद और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। इस दौरान प्रिंस द्विवेदी, विक्रम चौधरी, सोनू तिवारी, सूरज पाण्डेय, शिवम गुप्ता, योगाचार्य नगीना मौजूद रहे। 

राजस्थानी मेले में दिखेंगे जयपुर के परिधान व सूरत की ज्वेलरी
मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की ओर से 13 जुलाई को महमूरगंज स्थित शुभम बैंक्वेट हॉल में राजस्थानी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में त्योहारों, तीज और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर शृंगार, सजावटी और पूजन सामग्री के 70 स्टॉल लगाए जाएंगे। मेला सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। शाखा की अध्यक्ष विनीता प्रसाद और पूर्व अध्यक्ष स्मृता लोहिया ने शुक्रवार को शुभम लॉन में पत्रकारों को बताया कि मेले में सूरत की डायमंड ज्वेलरी और नवरत्न ज्वेलर्स के विशेष आभूषण प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा होम फैशन उत्पाद, आकर्षक साड़ियां और विभिन्न डिजाइनों की राखियां भी उपलब्ध रहेंगी। जन्माष्टमी के लिए ठाकुरजी के शृंगार और आभूषण भी मिलेंगे। नए डिजाइनर परिधान तथा बच्चों के लिए रंग-बिरंगे कपड़े, पेंसिल भी रहेगी। 

कारी-कारी झुकी आई रे बदरिया ना...
सुबह-ए-बनारस में शुक्रवार को डॉ. रागिनी सरना ने अपने गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने राग नट भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बोल थे- तनधन की कौन बड़ाई...। इसके बाद द्रुत एकताल में निबद्ध बंदिश  देखो सावन की प्रात... प्रस्तुत की। उन्होंने कजरी सखी सावन में मनभावन को..., मिर्जापुर कइल गुलजार हो...और कारी-कारी झुकी आई रे बदरिया ना...सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। तबले पर कृष्ण कुमार उपाध्याय और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। बैंक ऑफ बड़ौदा के सीजीएम राजेश मल्होत्रा ने कलाकार को प्रमाणपत्र प्रदान किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के चेयरमैन वाई.एस. ठाकुर, महाप्रबंधक दीपक पंत और क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार भी उपस्थित रहे। 

15 जुलाई को वाराणसी में लगेगा पुस्तक मेला
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 15 जुलाई को एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लगेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए 36 विषयों की 70 एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। 

जिले में 59555 हेक्टेयर में होगी धान की बोआई
मौसम बदलने के साथ ही खरीद सीजन की प्रमुख फसल धान की बोआई तेज हो गई है। जिन किसानों के बेहन तैयार हो गए हैं, उन्होंने धान की रोपाई शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि जिले में इस बार 59555 हेक्टेयर में धान की बोआई होगी। उत्पादन का अनुमानित आंकड़ा 172.329 हजार टन है। इसके अलावा जिले में दलहनी, तिलहनी और मोटे अनाज की 21450 हेक्टेयर में बोआई होगी। 

इनर व्हील क्लब सृष्टि की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी सृष्टि का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। प्रियंका यादव ने क्लब की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। नई कार्यकारिणी में यामिनी अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष, स्नेहा गुप्ता ने सचिव, छवि अग्रवाल ने आईएसओ और ज्योति गुप्ता ने एडिटर का दायित्व ग्रहण किया। पीडीसी आशा अग्रवाल और डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरर अनुराधा भाटिया ने नई टीम को बधाई देते हुए सेवा, मित्रता और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर राशि खरे, जयंती सामंत, वंदना, शशि, सुधा श्रीवास्तव, सोनिया साह, स्नेह भसीन, सरोजिनी, प्रतिभा, सुनीता शर्मा, सरोजिनी महापात्रा आदि मौजूद रहीं।

कई इलाकों में 5 घंटे तक कटेगी बिजली 
वाराणसी शहर के दो उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर शनिवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लेढ़ूपुर उपकेंद्र के 11 केवी आशापुर फीडर पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक शटडाउन रहेगा। कोटवा उपकेंद्र के महेशपुर फीडर पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शटडाउन रहेगा। 

भदैनी में आज बाधित रहेगी जलापूर्ति
नगर निगम के जलकल विभाग की ओर से भदैनी स्थित इंटेकवेल में नियमित सर्विसिंग और रखरखाव का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते भेलूपुर जलकल विभाग से होने वाली शनिवार की सायंकालीन जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। यह जानकारी जलकल सचिव रामऔतार ने दी। 

21 सितंबर से कैंट पर रुकेगी महानगरी
बनारस रेलवे स्टेशन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली महानगरी एक्सप्रेस अब वाराणसी जंक्शन (कैंट) रेलवे स्टेशन पर 21 सितंबर से रुकेगी। रेलवे बोर्ड के अनुसार, ट्रेन सुबह 9:45 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी और 9:50 बजे वहां से रवाना होगी।

छुट्टी में भी खुलेंगे निगम के टैक्स काउंटर
आम जनता की सुविधा के लिए इस सप्ताह पड़ने वाले दूसरे शनिवार (11 जुलाई) और रविवार (12 जुलाई) के सरकारी अवकाश पर भी सभी टैक्स कलेक्शन काउंटर सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिल रही है। ब्यूरो

आज आएंगे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार शाम काशी पहुंचेंगे। वह सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। रात्रि विश्राम भी करेंगे।

16 जुलाई को आएंगे शिवराज सिंह चाैहान
वाराणसी। ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से 16 जुलाई को वाराणसी में पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम प्रधानों से संवाद करेंगे। सिगरा स्थित अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर रुद्राक्ष में 16 जुलाई को होने वाले पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार समेत तीन राज्यों के करीब 500 ग्राम प्रधान भाग लेंगे। 

30 जुलाई को शताब्दी भवन अतिथि गृह में मनेगा संपूर्णानंद विवि का 44वां दीक्षांत
संपूर्णानंद संस्कृत विवि का 44वां दीक्षांत समारोह 30 जुलाई को विवि परिसर में स्थित शताब्दी भवन अतिथि गृह में मनाया जाएगा। इस बार दीक्षांत में स्वर्ण पदक विजेताओं के अभिभावकों का भी सम्मान होगा। शुक्रवार को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दीक्षांत की तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों के साथ बैठक की।

बैठक में दीक्षांत समारोह की सभी व्यवस्थाओं की कुलपति ने समीक्षा की। इसमें अतिथियों के स्वागत, शॉल और स्मृति-चिह्न, स्वर्ण पदक समिति, उपाधि व परिधान समिति, उपाधि-पत्र वितरण, डिग्री एवं अंकपत्रों की सुरक्षित व्यवस्था आदि पर  चर्चा हुई। 

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि विवि का दीक्षांत केवल उपाधि वितरण का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत की गौरवशाली विरासत और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का राष्ट्रीय मंच होगा। बैठक में दीक्षांत समारोह की श्रृंखला के तहत आयोजित चित्रकला, निबंध, पुस्तक पठन, पारंपरिक खेल  की भी समीक्षा की गई। मौके पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. दिनेश कुमार, प्रो. जितेंद्र कुमार, प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, प्रो. हीरक कांत चक्रवर्ती, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. शैलेश कुमार मौजूद रहे।

विवि के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि दीक्षांत पर साल 2026 की विद्यावारिधि, आचार्य, शास्त्री, शिक्षाशास्त्री, आयुर्वेदाचार्य, ग्रंथालय विज्ञान तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान की परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। 

शोध प्रवेश परीक्षा-2024-25 का परिणाम घोषित
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को शोध प्रवेश परीक्षा-2024-25 का परिणाम घोषित कर दिया गया। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट अथवा वेबसाइट पर दिए गए लिंक को क्लिक करके रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। शोध प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के शोध अनुभाग से संपर्क कर प्रवेश संबंधी अग्रेतर कार्यवाही सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। 

बीएचयू पीजी में ओबीसी की 921 और एससी-एसटी की 855 सीटें खाली
बीएचयू में शुक्रवार को पीजी का स्पॉट राउंड का रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। विवि की केंद्रीय प्रवेश समिति ने खाली सीटों का विवरण जारी कर दिया है। 8000 सीटों में से करीब 3100 सीटों पर दाखिले होने हैं। इसके लिए अगले चार दिनों तक रजिस्ट्रेशन होंगे। इसके बाद स्पॉट राउंड में फीस जमा कर दाखिला पाना होगा।

बीएचयू में पीजी की सबसे ज्यादा सीटें सामान्य वर्ग की खाली हैं। इसमें अभी 1010 सीटों पर प्रवेश होना है। इसमें से 805 नॉन बीएचयू और 205 बीएचयू के पूर्व छात्रों की सीटें शामिल हैं। इसके बाद ओबीसी वर्ग की 921 सीटें, एससी-एसटी की 855 जिसमें एससी की 539 और एसटी की 316 सीटों पर दाखिला होना बाकी है। वहीं, ईडब्ल्यूएस की 345 सीटें अब भरी जाएंगी। 

पीजी में स्पॉट राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन शुक्रवार से शुरू हुआ है जो कि 14 जुलाई तक चलेगा। वहीं, 16 जुलाई को पहले राउंड में सीट आवंटित की जाएगी। बीएचयू में पीजी की करीब 8000 सीटों पर प्रवेश होना है। पिछले चार राउंड तक चली काउंसिलिंग में 5000 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराकर फीस जमा कर दिया है। वहीं, अब स्पॉट राउंड में अभ्यर्थियों को फिर से दाखिला पाने का मौका दिया गया है। 500 रुपये फीस जमा करके स्पॉट राउंड में भाग लिया जा सकता है। 

बीएचयू ने चंदौली में अमलतास की पत्तियों पर खोजा फंगस का नया वंश
बीएचयू के वनस्पति विभाग के वैज्ञानिकों ने पौधों में बीमारी फैलाने वाले फंगस के एक नए वंश (जीनस) हायलोकमलोमाइसीज की खोज की है। यह शोध शुक्रवार को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल माइकोलॉजिकल प्रोग्रेस में प्रकाशित हुआ है। नए फंगस की पहचान चंदौली स्थित चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य में अमलतास (कैसिया फिस्टुला) की पत्तियों पर दिखने वाले लीफ स्पॉट रोग के अध्ययन के दौरान हुई। वैज्ञानिकों ने सूक्ष्म संरचना, इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी और आधुनिक डीएनए एनालिसिस जैसी तकनीकों से इसकी जांच की। 

जांच में पता चला कि यह पहले से ज्ञात किसी भी फंगस से अलग है। इस शोध का नेतृत्व बीएचयू के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इस वंश का नाम हायलोकमलोमाइसीज इसलिए रखा गया क्योंकि इसमें हायलो फंगस की पारदर्शी संरचना नजर आती है। दर्शाता है, जबकि कमलोमाइसीज नाम प्रख्यात माइकोलॉजिस्ट प्रो. कमल के सम्मान में  रखा गया है। 

विद्यापीठ में बीएससी बायो में 183 प्रवेश
काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को बीएससी बायो में 10 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। साथ ही बीएससी बायो में कुल प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या 183 हो गई है। बीएफए में 60 और बीम्यूज में 23 विद्यार्थियों ने अब तक प्रवेश लिया है। प्रवेश सेल के उप समन्वयक नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि शुल्क जमा करने के बाद नए विद्यार्थियों को परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही दिए गए।

बैचलर ऑफ आर्ट्स (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन, बीकॉम रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट और बीएससी गणित की दूसरी काउंसिलिंग 11 जुलाई को वाणिज्य एवं प्रबंध संकाय में होगी। नलिनी कामिल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को ईमेल पर लिंक भेजा गया है, वे गेट पास के साथ अपने मूल प्रमाण पत्र, सभी की एक सेट फोटोस्टेट, स्वयं की दो स्टाम्प साइज फोटो लेकर आएं। 

बीएचयू में छात्र शक्ति से राष्ट्र शक्ति पर मंथन किया
राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस और अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर बीएचयू में हुए कार्यक्रम के दूसरे दिन पर कला संकाय में संगोष्ठी हुई।छात्र शक्ति से राष्ट्र शक्ति तक विषय पर मुख्य वक्ता पर्यटन विभाग के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि अभाविप ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास किया है। प्रवासी कार्यकर्ता और अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य सर्वेश सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने अपने स्थापना काल से ही राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम किया है। कार्यक्रम में कला संकाय इकाई के उपाध्यक्ष आशीष और इकाई सहमंत्री आयुष मौजूद रहे। 

बीएचयू की प्रीति मौर्या ने यूपी पीजीटी समाजशास्त्र में पाई 8वीं रैंक
बीएचयू के समाजशास्त्र विभाग की शोधार्थी प्रीति मौर्या ने उत्तर प्रदेश पीजीटी (समाजशास्त्र) परीक्षा में प्रदेश स्तर पर आठवीं रैंक प्राप्त की है। उन्होंने विवि और वाराणसी का गौरव बढ़ाया है। प्रीति मौर्या वर्तमान में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में पीएचडी शोधार्थी हैं। उनकी इस सफलता पर विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। 

यूपी कॉलेज की स्नातक प्रवेश परीक्षा के रिजल्ट जारी
उदय प्रताप कॉलेज में स्नातक प्रवेश परीक्षा के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं। बीए, बीएससी, बीएससी कृषि में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट शुक्रवार शाम सात बजे जारी हुआ। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट प्रवेश पोर्टल पर देख सकते हैं। वहीं मार्क्स एंट्रेंस लॉगिन में 11 जुलाई से देख सकेंगे। कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया है कि काउंसलिंग की तिथि, समय, जरूरी दस्तावेजों की सूची और प्रवेश से संबंधित अन्य सभी जरूरी सूचनाएं महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.upcollege.ac.in के नोटिस सेक्शन में उपलब्ध हैं। काउंसिलिंग के बाद प्रवेश शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed