फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Youth beaten dispute over paan payment laborer dies after falling from roof

Varanasi News Today: पान के पैसे को लेकर विवाद में युवक को पीटा, छत से गिरकर मजदूर की मौत; पढ़ें खबरें

Mon, 27 Jul 2026 12:57 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 27 Jul 2026 12:57 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में पान के पैसे को लेकर मनबढ़ ने युवक को लोहे की राॅड से पीटा। वहीं, मिर्जामुराद के टिकरा गांव निवासी मजदूर की काम करने के दौरान छत से गिरने से मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Youth beaten dispute over paan payment laborer dies after falling from roof
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी बुझारत राजभर (45) की काम करने के दौरान छत से गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टिकरा गांव निवासी बुझारत राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार दोपहर वह पास के गांव में एक मकान के निर्माण कार्य में लगे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर पड़े।

विज्ञापन


गंभीर रूप से घायल होने पर साथी मजदूर उन्हें उपचार के लिए बीउचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी शीला देवी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


पान के पैसे को लेकर विवाद में युवक को पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के बसही में बीती रात पान के पैसे को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने चंदन पटेल पर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने चंदन को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बसही निवासी चंदन पटेल के अनुसार, वह 25 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे यादव साइकिल दुकान के पास स्थित छोटू की पान की दुकान पर पान लेने गया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पान के पैसे को लेकर उसकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर छोटू, अशोक और दीपक पाल ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। छोटू के हाथ में लोहे की रॉड थी। तीनों ने मिलकर चंदन पर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

शराब पीने का विरोध करने पर युवक की पिटाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी एक्सटेंशन में घर के पास शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करने पर एक युवक की पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने उसकी ऑटो भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी। रवींद्रपुरी एक्सटेंशन निवासी जय विजय के घर के पास शनिवार रात कुछ लोग शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। शोर सुनकर जय विजय का मौसेरा भाई बाहर निकला और इसका विरोध किया। 

आरोप है कि इस पर शराबियों ने डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसकी ऑटो भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दुर्गाकुंड सफाई बस्ती निवासी आदर्श विशाल समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

कोई विवेचना 30 दिन से अधिक लंबित न रहे नियमित निगरानी हो
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार देर शाम कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी विवेचना 30 दिन से अधिक लंबित न रहे और इसकी नियमित निगरानी की जाए। साथ ही लंबित गैर-जमानती वारंटों के निस्तारण के लिए तीन दिवसीय अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने महिला अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जघन्य अपराध, गैंगस्टर एक्ट, पशु तस्करी और एनडीपीएस से संबंधित लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। ई-समन, ई-नोटिस, ई-वारंट और ई-साक्ष्य पोर्टल पर डिजिटल साक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से अपलोड करने पर जोर दिया गया।

न्यायिक प्रक्रियाओं को त्वरित और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के भी निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने यूनिक एसआईडी क्रिएशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र सत्यापन कराने और शत-प्रतिशत यूनिक एसआईडी तैयार करने के निर्देश दिए। 

देह व्यापार के मामले में आरोपी गिरफ्तार
देह व्यापार मामले में वांछित आरोपी अनिल कुमार को राजातालाब पुलिस ने शनिवार रात जौनपुर से गिरफ्तार किया। वह चार माह से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी जौनपुर के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कवेली गांव का निवासी है। गोमती जोन के एडीसीपी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि 23 मार्च को राजातालाब क्षेत्र के औरा हेवन स्पा में हुई छापेमारी से जुड़े मामले में अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। उस समय पुलिस ने तीन महिलाओं और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया था। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई थी। 

भरण-पोषण वारंट का आरोपी गिरफ्तार
भरण-पोषण वारंट के मामले में वांछित राजकुमार को कपसेठी पुलिस ने रविवार सुबह कालिका बारा से गिरफ्तार किया। कपसेठी थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कालिका बारा का निवासी है। राजकुमार के खिलाफ भदोही (ज्ञानपुर) के प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय ने वारंट जारी किया था। 

कोर्ट के आदेश पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज
पुरानापुल, पुलकोहना स्थित एक दुकान से नकदी और सामान चोरी के मामले में न्यायालय के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलकोहना, पुरानापुल निवासी कन्हैया लाल जायसवाल की कूलर और पंखा बनाने की दुकान है। आरोप है कि 12 फरवरी 2026 को दुकान में काम करने वाला पुलकोहना निवासी बाबू राजभर अपने साथियों के साथ गोदाम की बाउंड्री तोड़कर पांच हजार रुपये नकद तथा पंखा, कूलर, ग्राइंडर मशीन, हैमर मशीन समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

दोस्त को चाकू मारने वाला गिरफ्तार
जैतपुरा पुलिस ने दोस्त पर चाकू से हमला कर उसे घायल करने के मामले में आरोपी कतुआपुरा निवासी अजय यादव को रविवार को गोलगड्डा मालगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में हरतीरथ निवासी छाया यादव ने जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि उनके 25 वर्षीय बेटे अनूप यादव को 17 जुलाई को उसका दोस्त अजय यादव घर से बुलाकर ले गया था। आरोप है कि अजय ने अनूप को शराब पिलाई। इसके बाद औसानगंज इलाके में दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसमें अजय ने अनूप पर चाकू से हमला कर दिया। थाना प्रभारी जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अजय की तलाश की जा रही थी। 

बंधक मकान बेचने के लिए धोखाधड़ी
चेतगंज पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी रणजीत कुमार झा (42) को उसके घर लक्ष्मणपुर, तरना से गिरफ्तार किया। आरोपी पर बैंक में बंधक रखे मकान को कूटरचित दस्तावेजों के जरिये बेचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, रणजीत पर आपराधिक षड्यंत्र रचने, प्रतिरूपण करने और जाली दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने का आरोप है। 24 जून 2026 को आरोपी के खिलाफ चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। 

चाकू से जानलेवा हमला मामले में प्राथमिकी
तेलियाबाग चौराहे पर शनिवार की रात को चंदन विश्वकर्मा पर हुए चाकू से जानलेवा हमले के मामले में रविवार को चेतगंज थाने में आरोपी रमेश विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। सिगरा थाना क्षेत्र के माताकुंड निवासी चंदन विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी रमेश विश्वकर्मा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। रमेश चंदौली जिले के पड़ाव स्थित सुजाबाद का रहने वाला है। हमलावर ने उनके चेहरे, पेट और हाथ पर चाकू से कई वार किए। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक अली अतहर को सौंपी गई है। 

अपहरणकर्ता गिरफ्तार, नाबालिग सकुशल मिली
किशोरी के अपहरण के आरोपी मुकेश राजभर को जंसा पुलिस ने शनिवार रात रामेश्वर पुल से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से किशोरी को संरक्षण में ले लिया गया। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरपुर बिरभानपुर, थाना मिर्जामुराद का निवासी है। पीड़ित के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि मुकेश राजभर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया। विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

असलहे की बट से सिर फोड़ा, मोबाइल तोड़ा
शिवपुर थाना क्षेत्र के विवेकपुरम कॉलोनी, भरलाई में प्रज्ज्वल प्रताप सिंह के साथ मारपीट और असलहे की बट से हमला करने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना क्षेत्र के राहारिकर गांव निवासी प्रज्ज्वल प्रताप सिंह ने बताया कि वह शिवपुर की विवेकपुरम कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। 25 जुलाई की शाम करीब 7:45 बजे वह छतरीपुर स्थित विवेकपुरम कॉलोनी में राजू की दुकान के बगल वाली गली में मौजूद थे।

इसी दौरान आशीष यादव, प्रभात और समीर निवासी हटिया (शिवपुर) पांच-छह अन्य अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे और उन्हें घेरकर मारपीट करने लगे।  थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

कृषक एक्सप्रेस में महिला की तबीयत बिगड़ी
वाराणसी सिटी से गोरखपुर होकर लखनऊ जाने वाली कृषक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला के परिजनों ने 139 रेल मदद हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दी। इसके बाद मऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंची मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। वाराणसी सिटी से लखनऊ जाने वाली 15007 कृषक एक्सप्रेस से 25 जुलाई को यात्रा कर रही मऊ के बधुआ गोदाम निवासी 30 वर्षीय गोलू की तबीयत मऊ पहुंचने से पहले ही बिगड़ गई। 

परिजन पहले घबरा गए, लेकिन बाद में 139 हेल्पलाइन पर फोन कर चिकित्सकीय सहायता मांगी। सूचना मिलते ही मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव ने रेलवे चिकित्सा टीम को तत्काल सूचित किया। कृषक एक्सप्रेस के मऊ स्टेशन पहुंचते ही मंडल रेलवे चिकित्सक डॉ. पुनीत राव अपनी टीम के साथ पहुंचे और इलाज किया। 

अश्लील इशारे करने वाला युवक गिरफ्तार
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गोदौलिया चौराहे पर महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने और आपत्तिजनक इशारे करने के आरोप में पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी जहांगीर खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात करीब 8:45 बजे उपनिरीक्षक हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। 

इसी दौरान आम लोगों से सूचना मिली कि गोदौलिया चौराहे पर एक युवक महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहा है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम जहांगीर खान निवासी कोला मेदनीपुर, चंद कौना, पश्चिम बंगाल बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 

यात्री का गिरा पर्स रेल कर्मचारी ने लौटाया
बनारस रेलवे स्टेशन पर तीन दिन पहले एक यात्री का पर्स गिर गया था। उसमें 5,000 रुपये नकद के साथ जरूरी दस्तावेज भी थे। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर मिला लावारिस पर्स वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षित रख लिया और उसमें मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास शुरू किया। शनिवार को संबंधित यात्री स्टेशन पहुंचा और यात्रा टिकट व पहचान पत्र दिखाकर पर्स खोने की जानकारी दी। दस्तावेजों का मिलान करने के बाद स्टेशन पर मौजूद सीनियर टीई अमृत राय ने पर्स उसे सौंप दिया। पर्स में एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और 5,000 रुपये नकद सुरक्षित मिले। 

रेलवे में निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों से होगी पूछताछ
पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर डीएमएम नीतेश अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद अब डीआरएम कार्यालय में कई अधिकारी और कर्मचारी सकते में हैं। विशेषकर वे लोग, जो सीनियर डीएमएम के करीबी बताए जा रहे हैं। जिस तरह से सीबीआई ने नीतेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया और बाद में उन्हें निलंबित किया गया, उससे माना जा रहा है कि इस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।

सीनियर डीएमएम नीतेश अग्रवाल के खिलाफ एक ठेकेदार ने काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। सीबीआई ने शनिवार को उन्हें 1.70 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। अब टेंडर से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। उधर, सीबीआई की टीम नीतेश अग्रवाल से भी इस मामले में लगातार पूछताछ कर रही है। 

हाईकोर्ट के आदेश का होगा अनुपालन, आपराधिक छवि वाले अधिवक्ता होंगे चिह्नित
इलाहाबाद हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के सभी बार एसोसिएशनों को निर्देश जारी किए हैं। बार एसोसिएशनों से ऐसे अधिवक्ताओं की सूची 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिनके खिलाफ गंभीर अपराधों में एफआईआर दर्ज है, चार्जशीट दाखिल हो चुकी है या मामले अदालत में विचाराधीन हैं। निर्देश के बाद वाराणसी कचहरी में भी ऐसे अधिवक्ताओं को चिह्नित करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू की जाएगी। 

सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि इस संबंध में पुलिस से पत्राचार कर जानकारी जुटाई जाएगी। 15 दिन के भीतर जांच पूरी कर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। बार काउंसिल ने निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही बरतने वाले बार एसोसिएशनों को कड़ी चेतावनी भी दी है। निर्धारित समयसीमा में सूची उपलब्ध नहीं कराने वाले बार एसोसिएशनों की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त किए जाने की चेतावनी दी गई है।

पूरे सावन भर खुली रहेगी मजदा पार्किंग
मजदा पार्किंग शुरू कर दी गई है। यह पार्किंग पूरे सावन भर संचालित रहेगी। इससे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सामान्य दिनों में यह पार्किंग सप्ताह में केवल पांच दिन, मंगलवार से शनिवार तक संचालित होती है। रविवार और सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ के कारण इसे बंद रखा जाता है। 

शहर की हवा साफ हुई, एक्यूआई 60
शहर का एक्यूआई रविवार को 60 दर्ज किया गया। इसका कारण वायु प्रदूषण के स्तर में कमी आना है। पिछले कुछ समय से शहर में वायु प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ था। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि संतोषजनक वायु गुणवत्ता का अर्थ है कि हवा में प्रदूषकों की मात्रा कम है। रविवार को वाराणसी में अर्दली बाजार का एक्यूआई 52, भेलूपुर का 78, बीएचयू का 64 और मलदहिया का 53 दर्ज किया गया। 

गंगा का जलस्तर पहुंचा 61.05 मीटर
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा और वरुणा, दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को गंगा का जलस्तर 61.05 मीटर और वरुणा नदी का जलस्तर 68.15 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी के चलते नदी किनारे के निचले इलाकों और घाटों पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गंगा का बढ़ता जलस्तर अब घाटों की निचली सीढ़ियों तक पहुंच गया है। 

सीर से काशी विश्वनाथ मार्ग को चमकाएगा निगम
गुरु पूर्णिमा पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में 29 जुलाई को आयोजित कलश पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को प्रस्तावित सीएम रूट का निरीक्षण किया। सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास मंदिर से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक के पूरे मार्ग को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नगर आयुक्त ने तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रविदास गेट से सोनारपुरा, बंगाली टोला और गोदौलिया मार्ग तक पैदल मार्ग तथा नालियों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। 

25 दिनों से चक्कर काट रहे बादल उड़ा ले गए काशी के हिस्से की आधी बरसात
काशी में इस बार मानसून बेईमान साबित हो रहा है। मानसून आए 25 दिन हो चुके हैं, मगर उसके साथ आए घने बादल काशी के ऊपर चक्कर ही काटते रह गए। मानसून का आधा सीजन बीत चुका है, लेकिन इस दौरान काशी के हिस्से की आधी से अधिक बारिश अब तक नहीं हो सकी है। पिछले 25 दिनों में काशी में 150.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 323.3 मिलीमीटर की तुलना में 53 प्रतिशत कम है। आमतौर पर मानसून 20 से 23 जून के बीच काशी में दस्तक देता है, लेकिन इस बार यह करीब 10 दिन की देरी से पहुंचा। 

रविवार को कड़ी धूप के कारण अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 

कुलपति ने किया पत्रिका का लोकार्पण, डॉक्यूमेंट्री भी तैयार
काशी विद्यापीठ में रविवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह द्वारा संपादित शैक्षणिक प्रवास पत्रिका का लोकार्पण किया। पुस्तकालय समिति कक्ष में विद्या का आनंद विद्यापीठ डॉक्यूमेंट्री को भी दिखाया गया। कुलपति ने कहा कि शैक्षणिक प्रवास केवल एक पत्रिका नहीं है, यह विद्यार्थियों की जिज्ञासा, उनके अनुभव और उनकी सीख का दस्तावेज़ है। इस दौरान डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, कुलसचिव डॉ. सुनीता, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा रहीं। 

इस बार 10-12वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र में होंगे परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर, पहली बार होगी पहल
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में सम्मिलित होने वाले 50 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर पहली बार उनके प्रवेश पत्र पर होंगे। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए बोर्ड ने इस साल यह पहल की। इस समय चल रहे 10वीं-12वीं परीक्षा के ऑनलाइन पंजीकरण के साथ परीक्षार्थियों की फोटो के साथ हस्ताक्षर भी लिए जा रहे हैं। 

अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के दौरान जब छात्र-छात्राएं अपनी उत्तरपुस्तिका और उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करेंगे तो प्रवेश पत्र पर अंकित हस्ताक्षर से उनका मिलान किया जाएगा। नकल माफिया के मंसूबों को फेल करने के मकसद से अधिकारियों ने इस साल अभी से कवायद शुरू कर दी है। इस साल हाईस्कूल और इंटर के विद्यार्थियों के पंजीकरण पांच अगस्त तक होने हैं। 10 अगस्त तक कोषागार में फीस जमा करने के बाद प्रधानाचार्य शुल्क की सूचना बोर्ड की वेबसाइट पर 16 अगस्त की रात 12 बजे तक अपलोड करेंगे।

डॉ. एमके मंडलाध्यक्ष, डॉ. विद्यासागर बने संयोजक
इलेक्ट्रो होम्योपैथिक मेडिकल प्रैक्टिशनर एसोसिएशन की ओर से काशी-विंध्य क्षेत्र चिकित्सक संघ की बैठक हुई। इस दौरान संगठन को विस्तार देते हुए पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई। डॉ. एमके यादव को मंडल अध्यक्ष और डॉ. विद्यासागर प्रजापति को मंडल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। हुकुलगंज स्थित सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि प्रयागराज से आए डॉ. प्रमोद शुक्ला ने इलेक्ट्रो होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार, चिकित्सकों के हितों की रक्षा पर जोर दिया। 

आईएमएस के प्रो. विश्वंभर चुने गए उपाध्यक्ष
आईएमएस बीएचयू के ईएनटी डिपार्टमेंट के प्रो.विश्वंभर सिंह को लारिंगोलॉजी एंड वॉइस एसोसिएशन ऑफ इंडिया की नई कार्यकारणी में उपाध्यक्ष चुना गया है। हैदराबाद में आयोजित छठी एशिया पैसिफिक लारिंगोलॉजी एसोसिएशन की कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। इसमें हैदराबाद के डॉ. केमूर्ति को अगला अध्यक्ष बनाया गया है। प्रो.विश्वंभर ने बताया कि पुणे के डॉ.भौमिक को सचिव का पदभार मिला जबकि डॉ. सूमा मैथ्यू चीफ एडिटर का काम देखेंगी।

राष्ट्रीय मंत्री का एयरपोर्ट पर स्वागत
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। इस सिलसिले में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य लाल सिंह आर्य, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। 

पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय का काशी    में स्वागत, स्वनिधि योजना पर दिया जोर
पश्चिम बंगाल सरकार के राज्यमंत्री उमेश राय का रविवार को वाराणसी में भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ ने उनके प्रथम काशी आगमन पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर मंत्री ने फेरी, पटरी एवं ठेला व्यवसायियों के योगदान की सराहना की और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में इन छोटे व्यवसायियों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने फेरी, पटरी एवं ठेला व्यवसायियों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने महासंघ और प्रशासन से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र फेरी, पटरी एवं ठेला व्यवसायी इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। अध्यक्ष अजय सिंह बॉबी ने कहा कि महासंघ देशभर के फेरी, पटरी एवं ठेला व्यवसायियों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संचालन राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने किया। 

मंत्री को किया सम्मानित
सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य राज्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री उमेश राय का अधिवक्ताओं ने सम्मान किया। इस दौरान मंत्री उमेश राय ने अधिवक्ताओं से संवाद भी किया। कार्यक्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामजन्म सिंह, मोहन यादव, अमरनाथ शर्मा, पूर्व महामंत्री अश्विनी कुमार राय, अरविंद कुमार राय, वरिष्ठ अधिवक्ता विद्याचल चौबे, पीपी आनंद और कनिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। संचालन महामंत्री आशीष कुमार सिंह ने किया। अध्यक्षता सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने की। 

जिसे परिजनों ने मृत मान लिया था 20 साल बाद मिला तो हुए भावुक
दो दशक से लापता कुशीनगर निवासी कुंवर विनय प्रताप सिंह को अपना घर आश्रम में जीवित और सकुशल देखकर उनके परिजनों की आंखें नम हो गईं। विनय 20 वर्ष पहले अपने घर से लापता हो गए थे। वर्ष 2015 में काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया था। इसके बाद उन्होंने मान लिया था कि अब वे इस दुनिया में नहीं हैं।

अपना घर आश्रम के संचालक डॉ. के. निरंजन ने बताया कि करीब छह माह पहले आश्रम की टीम ने विनय प्रताप सिंह को अत्यंत लाचार और बेसहारा अवस्था में रेस्क्यू किया था। उस समय वे पूरी तरह मौन थे और भोजन में केवल चाय व फल ही ग्रहण करते थे। अपनी पहचान या अतीत के बारे में भी वे कुछ नहीं बता पा रहे थे। धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार हुआ। कुछ दिनों बाद उन्होंने अपने घर-परिवार के बारे में जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे नोएडा में रहते हैं, जबकि उनके भाई, भाभी और अन्य रिश्तेदार उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रहते हैं। जैसे ही कुशीनगर में उनके जीवित होने की सूचना परिजनों और ग्राम प्रधान को मिली, पूरा गांव स्तब्ध रह गया। आश्रम पहुंचने पर जब परिजनों ने उन्हें अपनी आंखों के सामने जीवित देखा, तो वर्षों का इंतजार और भावनाएं एक साथ छलक पड़ीं। 

जल जीवन मिशन का बोर खराब
आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत बसंतपट्टी में जल जीवन मिशन के तहत ट्यूबवेल का बोर तीन हफ्ते से खराब गया। इससे बालू और गिट्टी युक्त गंदा पानी आ रहा है। पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्राम प्रधान प्रशासक श्यामलाल चौहान ने बताया कि पानी बिल्कुल पीने योग्य नहीं है। पानी न मिलने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रशासक ने प्रशासन और जल जीवन मिशन के अधिकारियों से मांग की है कि बोर की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए। 

भाजपा आरक्षण और संविधान विरोधी : वीरेंद्र सिंह
समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में रविवार को आरक्षण दिवस/संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा और आरएसएस आरक्षण और संविधान विरोधी हैं। भाजपा आरक्षण को समाप्त कर मनुस्मृति को लागू करना चाहती है। इसका उदाहरण 2017 में अखिलेश यादव की ओर से मुख्यमंत्री आवास छोड़े जाने पर उसे गंगाजल से धुलंवाया जाना है। 

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमारे लिए महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन महात्मा ज्योतिबा फुले ने संकल्पित आरक्षण को कोल्हापुर के छत्रपति शाहूजी महाराज ने अपने कोल्हापुर राज्य में लागू किया था। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में इस दिन को संविधान की रक्षा के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने किया। 

डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, डॉ. रामबालक पटेल, उमेश प्रधान, शशि यादव मौजूद रहे। वहीं, भेलूपुर स्थित महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे की अध्यक्षता में आरक्षण दिवस को संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस के रूप में मनाया गया। संचालन महानगर महासचिव योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन राजेश रावत ने किया। 

शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है सरकार 
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को वरुणा स्थित एक कॉलेज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड दिए। कई प्रधानाचार्या के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे तो उच्च शिक्षाधिकारी प्रो. ज्ञान प्रकाश वर्मा ने नाराजगी जताई। 

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षकों को किसी भी आपात स्थिति में गुणवत्तापूर्ण इलाज बिना किसी वित्तीय बोझ के मिल सकेगा। विशिष्ट अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि शिक्षकों को चिंतामुक्त और सुरक्षित वातावरण देना ही समाज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की वास्तविक नींव रखता है। 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी तथा कुलसचिव सुनीता पांडेय ने शिक्षकों को मिलने वाली इस सुविधा पर प्रकाश डाला। आयोजन क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. ज्ञान प्रकाश वर्मा और नोडल अधिकारी प्रो. बृजकिशोर त्रिपाठी ने किया। प्राचार्य डॉ. राजीव सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।  गौरव राठी, प्रवीण पांडेय मौजूद रहे। 

प्राचीनतम नगरी का विश्व स्तरीय विकास : डॉ. दिलीप
राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने रविवार को काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि काशी विश्व की प्राचीनतम नगरी है। इसके गौरव के अनुरूप ही भव्य नव्य काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही काशी का समग्र विकास किया जा रहा है। 

जन सूचना अधिकारी भी सरकारी मशीनरी के अंग हैं। उनको जन सूचना के माध्यम से आवेदकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि काशी में हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाएं संचालित है। वर्ष 2014 से अब तक 36,210 करोड़ रुपये की लागत से 536 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 25,007 करोड़ रुपये की लागत वाली 191 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 

सरकार की मंशा रहती है कि सभी योजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हों। इसमें भी जन सूचना अधिकारियों को अपनी भूमिका का निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि सारनाथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ है। 

मलबा देख नाराज हुए शहर दक्षिणी के विधायक
शहर दक्षिणी से भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास का रविवार को आठवां दिन रहा। उन्होंने ईश्वरगंगी वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण किया। कई जगहों पर मलबा मिलने से नाराज विधायक ने निगम कर्मियों को सख्त निर्देश दिए। पार्क में पांच पौधे लगाए। जनचौपाल लगाकर वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन लिया। इसके बाद दुर्गाकुंड वार्ड स्थित सामुदायिक भवन, कबीर नगर में लाभार्थी कैंप लगाया। 

धंसी सड़क की मरम्मत कराई 
मरम्मत के बाद सिगरा में धंसी सड़क के गड्ढे को पाटकर यातायात शुरू करा दिया गया। सिगरा क्षेत्र में एक बाइक के शोरूम के पास शनिवार को सड़क धंस गई थी। इस वजह से बड़ी गाड़ियों को डायवर्ट किया गया था। जलकल की ओर से मरम्मत का काम शुरू किया गया था। जलकल विभाग की ओर से 20 फीट सीवर की नई पाइपलाइन डाली गई। 

सिंधोरा में फर्जी क्लीनिक हुआ बंद
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) सुजीत कुमार ने एक कथित फर्जी क्लीनिक को बंद करा दिया। यह कार्रवाई डी. फार्मा डिग्रीधारी प्रवेश यादव द्वारा खुद को एमडी डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज करने की शिकायत मिलने के बाद की गई।निरीक्षण के दौरान क्लीनिक के बाहर 'उषा क्लीनिक' का बोर्ड लगा मिला।

अंदर एक मेडिकल स्टोर भी संचालित हो रहा था। पूछताछ के दौरान क्लीनिक और मेडिकल स्टोर, दोनों के संचालन से संबंधित कोई वैध पंजीकरण या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने तत्काल प्रतिष्ठान का शटर बंद करा दिया। संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण के क्लीनिक या मेडिकल स्टोर का संचालन करने पर विधिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

डॉ. ब्रजेश यूजीसी की पीएचडी गुणवत्ता जांच समिति के सदस्य नामित
बीएचयू के पूर्व छात्र कबीर नगर निवासी डॉ. ब्रजेश कुमार तिवारी को यूजीसी ने पीएचडी उपाधियों की गुणवत्ता और विश्वविद्यालयों में शोध मानक अनुपालन जांच के लिए गठित विशेषज्ञ समिति का सदस्य नामित किया है। राष्ट्रीय स्तर की समिति में देश के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों से कुल 15 विद्वानों को शामिल किया है। डॉ. तिवारी वर्तमान में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप में प्रोफेसर हैं। यूजीसी को विश्वविद्यालयों में पीएचडी उपाधियों की गुणवत्ता और यूजीसी द्वारा निर्धारित नियमों के उल्लंघन से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। 

वरिष्ठ भाजपा नेता के निधन पर शोक
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश चतुर्वेदी के निधन पर पार्टी के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। जयप्रकाश चतुर्वेदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक थे। वे काशी में क्षेत्र संगठन मंत्री के रुप में कार्य कर चुके हैं। इस दाैरान क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राकेश शर्मा, क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, डॉ. उत्तम ओझा आदि शामिल रहे। 

सिल्क सिटी का 27वां स्थापना समारोह मना
लायंस क्लब वाराणसी सिल्क सिटी का 27वां स्थापना व पदग्रहण समारोह रविवार को हेरिटेज पैलेस में हुआ। सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने कार्यभार संभाला। योगेश अग्रवाल अध्यक्ष, राजुल कपूर सचिव और मनीष कपूर कोषाध्यक्ष बने। महिला शाखा में अनीता गुप्ता चेयरपर्सन और उमा अग्रवाल सचिव पद पर नियुक्त हुईं। शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब जैसी संस्थाएं समाज में सेवा और मानवीय मूल्यों को सशक्त कर रही हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. सौमित्र अग्रवाल रहे। निवर्तमान चेयरपर्सन नेहा टंडन और निवर्तमान सचिव अनीता गुप्ता को सम्मानित किया गया। 

तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव कल से
श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम पड़ाव में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 से शुरु होगा। इसके साथ श्री सर्वेश्वरी समूह का 65वां अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन भी मनाया जाएगा। समूह के संयुक्त मंत्री अरविनंद कुमार सिंह ने बताया कि आश्रम परिसर में तैयारी पूरी हो चुकी है। देश-विदेश के अनुयायी गुर का चरण पखारने आ रहे है। 

प्रांतीय बैठक में ध्रुव बने काशी महानगर अध्यक्ष
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद काशी प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक जौनपुर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज में हुई। इसमें काशी के ध्रुव सोनी को काशी महानगर अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। यह घोषणा प्रांत टोली के साथ विचार-विमर्श के उपरांत प्रांत महामंत्री तरुण कुमार शुक्ल की ओर से की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंगदल के प्रांत महामंत्री अर्जुन कुमार मौर्य माैजूद रहे। 

कबीरा फेस्टिवल में बहेगी कबीर की वाणी
महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल का 10वां संस्करण चार से छह दिसंबर को काशी में होगा। यह फेस्टिवल इस बार देश के नामचीन कलाकारों से सजेगा। इसमें अरुणा सैराम, शबनम विर्मानी, कबीर कैफे, कलापिनी कोमकली, फकीरा, द आह्वान प्रोजेक्ट, महाराज ट्रियो, उमेश कबीर, श्वेता हट्टंगड़ी किलपाड़ी और कमला शंकर आदि कलाकारों की उम्दा प्रस्तुतियां होंगी। इसमें शास्त्र से लेकर लोक, भक्ति से लेकर समकालीन, कबीरवाणी की गूंजेगी। यह उत्सव गंगा के किनारे आयोजित होगा। इसमें सुबह और शाम के संगीत कार्यक्रम, साहित्यिक चर्चाएं और सांस्कृतिक अनुभव शामिल है। 

सावन मेले में महिलाओं ने खूब की खरीदारी
मारवाड़ी युवक समिति शिवपुर में रविवार को सांस्कृतिक सावन मेला लगा। महिलाओं की ओर से लगे इस मेले में महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता की झलक दिखी। उनके उत्पादों की खूब बिक्री हुई। मुख्य अतिथि दीपाली गुप्ता, संजीव अग्रवाल, सौम्या अग्रवाल और रश्मि रॉय ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। मेले में 26 स्टॉल लगे थे।

इन स्टॉलों पर हस्तनिर्मित राखियां, डिजाइनर कुर्तियां, बेडशीट्स, साड़ी, कृत्रिम ज्वैलरी, सजावटी सामग्री, उपहार और पारंपरिक पोशाक प्रदर्शित किए गए। स्वागत संयोजिका गुंजन जालान व साक्षी सर्राफ, संचालन अभिषेक सराफ और धन्यवाद ज्ञापन नूपुर पोद्दार ने किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष उमाशंकर राजगढ़िया, उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, मंत्री आलोक पोद्दार, नीतीश जालान आदि रहे। 

संकटमोचन मंदिर में भजनों की प्रस्तुति
भारत विकास परिषद, काशी शाखा ने रविवार को संकटमोचन मंदिर और दुर्गाकुंड में आराधना-भक्ति का संगम भजन संध्या का आयोजन किया। इस आयोजन में भगवान श्री संकटमोचन के चरणों में मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। शाखा अध्यक्ष सौरभ जैन ने मेरे चौखट पर चलकर आज श्रीराम आए हैं... भजन प्रस्तुत किया। बरखा जैन, डॉ. श्वेता सिंह, शिल्पी खन्ना, संगीता रस्तोगी और रश्मि शाह ने श्रीराम की गली में तुम आना... भजन गाया। सपना बहल ने मंगल मूर्ति राम दुलारे... भजन प्रस्तुत किया। राजेंद्र मेहरा ने लोकप्रिय भजन बम-बम बोल रहा है काशी... गाया। संयोजन सुरेश आहूजा, अनीता जसरापुरिया, नवल कथूरिया, राजेंद्र मेहरा और गौरव गुप्ता ने किया। संतोष अग्रवाल, सौरभ जैन, सचिव डॉ. अमित कुमार सिंह, संगीता रस्तोगी मौजूद रहे। 

राजन ने रोटरी क्लब काशी की संभाली कमान
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 के रोटरी क्लब काशी का 10वां शपथ ग्रहण समारोह अंधरापुल स्थित एक होटल में हुआ। नए अध्यक्ष राजन जायसवाल की टीम को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पूनम गुलाटी ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाते हुए रोटरी की सेवा भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नए सचिव सुभाष सिंह ने पारदर्शिता, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। निवर्तमान अध्यक्ष अमरेश पांडेय, सचिव आरएस जायसवाल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। संचालन पूनम अग्रवाल तथा धन्यवाद ज्ञापन माजिद खान ने किया। इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, आशुतोष चौबे, आयुष्मान सुरेका, श्याम रस्तोगी आदि रहे। 

शहीदों को श्रद्धांजलि दी, सुनी पीएम के मन की बात
भाजपा काशी क्षेत्र के 28087 बूथों पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी गई और उसे आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के 136वें संस्करण में पीएम ने कारगिल के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने शिवपुर तरना के राजर्षि मंडल में कार्यक्रम को सुना।

प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कैंट विधानसभा के रविदास मंडल के बूथ पर कार्यक्रम सुना। महानगर कार्यालय गुलाब बाग पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, मधुप सिंह आदि ने कार्यक्रम सुना। 

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने सिगरा स्थित अपने कैंप कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पीएम के मन की बात सुनी। पीएम के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय जवाहर नगर में कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक के नेतृत्व में कार्यक्रम को सुना गया। यहां पूर्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री व पूर्व प्रचारक जय प्रकाश चतुर्वेदी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई। 

भाजपा पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में नई सड़क कोदई चौकी पर मन की बात सुनी गई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल और विशिष्ट अतिथि पूर्व पार्षद गिरीश श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद विजय गुप्ता रहे। संचालन धीरेंद्र शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन शंकर जायसवाल ने किया।

आध्यात्मिक विकास से मन पर पा सकते हैं काबू 
मलदहिया सत्संग भवन में अंग्रेजी माध्यम में निरंकारी समागम हुआ। चंडीगढ़ से आए मोहित गुप्ता ने कहा कि मन पर काबू पाकर ही मानव का भौतिक और आध्यात्मिक विकास संभव है। यदि मन समाज के उत्थान की सुंदर भावनाओं से भरा हो तो विकास होता है, लेकिन मोह और माया से ग्रसित मन पतन का कारण बनता है। उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन्होंने पुत्र मोह के कारण युद्ध हारा था। 

इसी तरह आज मानव सांसारिक सुखों की चाहत में गलत कार्य कर रहा है। धर्मशास्त्रों में मानव जीवन को श्रेष्ठ बताया गया है, क्योंकि मानव में विवेक होता है। यह विवेक सत्संग से मिलता है, भौतिक ज्ञान से नहीं। मोहित गुप्ता ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज निरंकार ब्रह्म का ज्ञान दे रही हैं। सभी से प्यार और सद्भाव का व्यवहार करना सिखा रही हैं। समागम में वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र से अनुयायी आए थे। धन्यवाद सिद्धार्थ शंकर ने दिया। 

सामाजिक संस्थाओं के प्रयास से स्वस्थ होगा प्रदेश 
रोटरी बनारस क्लब का स्थापना दिवस समारोह छावनी स्थित एक होटल में उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने उद्घाटन किया। समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने रोटरी क्लब के स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और मानव सेवा के कार्यों की सराहना की। 

कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी रोटरी के इन कार्यों में पूर्ण सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से ही 'स्वस्थ और समृद्ध उत्तर प्रदेश' का निर्माण संभव है। इस दौरान शिक्षा, चिकित्सा, रक्तदान, पौधरोपण और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों, शिक्षकों, समाजसेवियों और युवाओं को स्मृति चिंह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

चित्रकला शिविर में 70 कलाकारों ने लिया हिस्सा
उमा निलियम वेलफेयर सोसाइटी रामनगर में रविवार को काशिका वर्किंग आर्टिस्ट ग्रुप की ओर से रामायण विषय पर एक दिवसीय चित्रकला शिविर लगाया। इसमें देश भर से करीब 70 कलाकारों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को अपने कैनवास पर साकार किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद विश्वकर्मा ने किया। डॉ. प्रेमचंद विश्वकर्मा ने रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला की विशेषताओं के साथ विविध प्रसंगों का अत्यंत रोचक, भावपूर्ण एवं सजीव वर्णन किया। 

दृश्य कला संकाय बीएचयू की अध्यक्ष डॉ. उत्तमा दीक्षित ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को कला के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर बल दिया। डॉ. प्रभास झा ने सभी प्रतिभागी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने अपने विचार रखे। चित्रकला शिविर के संयोजक डॉ. ओमप्रकाश गुप्ता व आयोजन पंकज कुमार शर्मा ने किया। 

Varanasi News Today Youth beaten dispute over paan payment laborer dies after falling from roof
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद। - फोटो : अमर उजाला।

सरकार प्रदेश में गायों की स्थिति बता रही अच्छी सच्चाई कुछ : शंकराचार्य
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने उत्तर प्रदेश सरकार के गो संरक्षण विज्ञापनों को भ्रामक बताया है। कहा कि प्रदेश में गो वंशों की स्थिति बहुत खराब है। जबकि प्रदेश सरकार विज्ञापन के जरिये इसे अच्छा बता रही है। ये जमीनी हकीकत से दूर है। 

शंकराचार्य ने कहा कि प्रदेश में हर सनातनी ने गाय को गो माता की दर्जा दिया। रविवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में शंकराचार्य ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश में गो-वंश की दशा चिंतनीय है। शंकराचार्य ने नंदनी कृषक समृद्धि योजना और नंद बाबा योजना को धरातल पर शून्य बताया। 

कहा कि गोबर से हरित ऊर्जा और गो-उत्पाद आधारित उद्योगों के दावे केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं। 12 लाख से ज्यादा गो-वंश के संरक्षित होने के आंकड़े को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में पिछले दिनों आंदोलन की रुपरेखा तय की गई। 

403 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान शंकराचार्य ने गविष्ठि यात्रा के दौरान करीब 14 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। शंकराचार्य ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन पर कहा कि आंदोलन की जरूरत तो थी लेकिन इस तरह के आंदोलन की नहीं। केंद्रीय शिक्षामंत्री के इस्तीफे पर कहा कि सरकार में कुछ तो दबाव और डर पैदा होगा। भाजपा में मनमानी पर रोक लगेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने आगे आकर छात्रों का समर्थन किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed