बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी प्रखंड में आयोजित जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुनाव भारी हंगामे के कारण स्थगित कर दिया गया। प्रदेशभर में जहां पार्टी संगठन के चुनाव अथवा सर्वसम्मति से मनोनयन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है, वहीं घोसवरी में यह प्रक्रिया विवादों में घिर गई।
घोसवरी प्रखंड में कुल छह नेताओं ने प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। एक से अधिक दावेदार सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूत्रों के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि सभास्थल पर कुर्सियां तक फेंकी गईं और समर्थकों के बीच लात-घूंसे चले। अचानक उत्पन्न अफरा-तफरी के कारण चुनाव प्रक्रिया बाधित हो गई और माहौल पूरी तरह अराजक हो गया।
पढ़ें: जमुई में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, कोलकाता से एक दिन पहले ससुराल आया था युवक
स्थिति को बिगड़ता देख निर्वाचन पदाधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और इस प्रकार की घटनाएं पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
घटना के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं के बीच भी असंतोष देखा जा रहा है। फिलहाल सभी की नजरें प्रदेश नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि चुनाव दोबारा कब और किस प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा।