{"_id":"6a31215273406376020726f1","slug":"video-kangra-women-power-takes-charge-of-jwalamukhi-municipal-council-congress-flag-hoisted-2026-06-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"Kangra: महिला शक्ति के हाथों सजी ज्वालामुखी नगर परिषद की कमान, कांग्रेस का परचम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kangra: महिला शक्ति के हाथों सजी ज्वालामुखी नगर परिषद की कमान, कांग्रेस का परचम
Ankesh Dogra
Updated Tue, 16 Jun 2026 03:41 PM IST
Link Copied
शक्तिपीठ नगरी ज्वालामुखी की राजनीति में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। नगर परिषद के गठन के साथ ही कांग्रेस ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज कर अपना परचम लहरा दिया। अध्यक्ष पद पर सोम किरण और उपाध्यक्ष पद पर दीप्ति शर्मा निर्वाचित हुईं। खास बात यह रही कि नगर परिषद की दोनों शीर्ष कुर्सियों पर महिलाओं का कब्जा होने से ज्वालामुखी में महिला सशक्तिकरण की नई तस्वीर उभरकर सामने आई है। नगर परिषद गठन की औपचारिक प्रक्रिया के तहत एसडीएम अंशु चंदेल ने नौ वार्डों से निर्वाचित सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विधायक संजय रतन, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। विधायक संजय रतन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत किसी एक दल की नहीं, बल्कि ज्वालामुखी की जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद ढाई-ढाई वर्ष के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद अन्य पार्षदों को भी नेतृत्व का अवसर मिलेगा, जिससे सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। विधायक ने कहा कि नगर परिषद का सबसे बड़ा लक्ष्य ज्वालामुखी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना होगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका ठहराव बढ़े। इससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि ज्वालामुखी शहर के समग्र विकास के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना प्रस्तावित है। इसके तहत बस स्टैंड, सब्जी मंडी और टैक्सी स्टैंड का आधुनिक स्वरूप विकसित किया जाएगा। वहीं मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्थित विकास के लिए 25 लाख रुपये की लागत से मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिससे शक्तिपीठ ज्वालामुखी का स्वरूप और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोम किरण ने कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर ज्वालामुखी को एक आदर्श नगर परिषद बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा ने कहा कि उनका पहला फोकस शहर की सैनिटेशन व्यवस्था को मजबूत करना रहेगा। इसके बाद स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और नागरिक सुविधाओं में सुधार कर ज्वालामुखी को एक व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर परिषद की दोनों शीर्ष कुर्सियों पर महिलाओं का आसीन होना केवल राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी संकेत माना जा रहा है। श्रद्धा और आस्था की नगरी ज्वालामुखी में अब विकास की कमान महिला शक्ति के हाथों में है। जनता को उम्मीद है कि यह नेतृत्व शहर की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ ज्वालामुखी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगर के रूप में नई पहचान दिलाएगा। कह सकते हैं कि शक्तिपीठ ज्वालामुखी में अब महिला शक्ति ने केवल परचम ही नहीं लहराया, बल्कि नगर के भविष्य की बागडोर भी अपने हाथों में लेकर विकास के एक नए अध्याय का शुभारंभ कर दिया है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।