जिले के तनोड़िया में पुलिस ने दबिश देकर दो गाड़ियों में से करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ, मशीनरी और खतरनाक रसायन जब्त किए। खास बात यह है कि नशे के इस कारोबार में भाजपा तनोड़िया मंडल उपाध्यक्ष रहे राहुल आंजना का नाम भी सामने आया है। जिस पर भाजपा ने कार्रवाई करते हुए उसे पार्टी से निकाल दिया है।
आगर कोतवाली पुलिस ने मुख्यालय के निर्देश पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मारुति अर्टिगा और इग्निस गाड़ियों से 9.250 किलो केटामाइन, 6 ग्राम एमडी ड्रग, अमोनियम क्लोराइड पाउडर (12.100 किलो), आइसोप्रोपाइल अल्कोहल 35 लीटर, ड्रग बनाने की मशीन और उपकरण बरामद किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त माल की कीमत लगभग पांच करोड़ आठ लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह कोई छोटा काम नहीं बल्कि फैक्ट्री स्तर पर एमडी ड्रग की तैयारी और सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने मौके से ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना को गिरफ्तार किया है। वहीं राहुल आंजना छापे के दौरान फरार हो गया। उसके घर और ठिकानों से कई संदिग्ध दस्तावेज, बैंक रिकार्ड और मोबाइल डेटा जब्त किए गए हैं। मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक खातों में पिछले दो साल से बेहिसाब रकम के लेनदेन की जानकारी मिली है। विशेषज्ञों के मुताबिक एक किलो केटामाइन से लगभग 10 किलो एमडी (मेफेड्रोन) तैयार किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में अमोनियम नाइट्रेट और स्प्रिट का उपयोग होता है। यानी बरामद माल के आधार पर यह पूरा नेटवर्क कई करोड़ का कारोबार कर रहा था।
कांग्रेस ने लगाए आरोप
नशे के कारोबार में भाजपा नेता की भूमिका सामने आने पर जिले की कांग्रेस भी हमलावर हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने कहा भाजपा सरकार के सान्निध्य ने ही इनके नेताओं को अवैध कारोबार करने का संरक्षण दिया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने मीडिया को बताया कि भाजपा सरकार में अपराधी चाहे कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम करेगा।
गांव में हड़कंप, ग्रामीणजन सन्न
तनोड़िया और आसपास के ग्रामीण इस खुलासे से सन्न हैं। लोग कह रहे हैं कि जिसने पंचायत और पार्टी का नेतृत्व किया, वह इतने बड़े नशे के कारोबार में शामिल निकला, यह बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस की इस कार्रवाई ने प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक हलकों दोनों को हिला दिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार राहुल आंजना की तलाश तेज हो गई है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े नामों का खुलासा होगा।
यह सामान भी मिला, राजनैतिक संबंध
पांच करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त मामले में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रहे राहुल आंजना का नाम सामने आने पर शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने राहुल आंजना को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पुलिस को कार से संदिग्ध दस्तावेज और थड़ोदा पंचायत की एक रबर सील भी मिली है। राहुल की राजनीति से जुड़ा है। उसके पिता सेवाराम आंजना पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हैं। मां सोहनबाई आंजना वर्तमान में थड़ोदा पंचायत की सरपंच हैं। राहुल पहले भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण मंडल का अध्यक्ष था। मई 2025 में उसे तनोडिया मंडल का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वह खेती और वाहन किराए के व्यवसाय से जुड़ा था। एसपी विनोद सिंह के अनुसार पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि यह कारोबार कब से चल रहा था और माल कहां सप्लाई होना था। मामले की जानकारी नारकोटिक्स विभाग को भी दी जाएगी।
Next Article
Followed