छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी शादी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनका विवाह निश्चित रूप से होगा और जल्द ही इस संबंध में खुशखबरी दी जाएगी। शास्त्री ने बताया कि उन्हें गुरु की आज्ञा मिल चुकी है और उन्होंने अपनी माता से कह दिया है कि अब लड़की देखना शुरू करें। उनका विवाह माता की पसंद से ही होगा।
शास्त्री ने कहा कि उनके जीवन का सिद्धांत रहा है कि जो भी बात वे कहते हैं, वह देर-सबेर पूरी होती है। उन्होंने दोहराया कि यह विवाह उनकी व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि गुरु की आज्ञा और परिवार की सहमति से होगा।
21 दिन की साधना के बाद बढ़ेगी प्रक्रिया
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वे 21 दिनों के लिए बद्रीनाथ धाम में साधना करेंगे, जिसमें पांच दिन की विशेष तपस्या भी शामिल होगी। साधना पूर्ण होने के बाद विवाह की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। इस घोषणा के बाद उनके अनुयायियों में उत्सुकता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- Indore News: डिजिटल अरेस्ट का शिकार हुए बुजुर्ग दंपती, गंवा दिए 1.15 करोड़ रुपये
'वाइफ नहीं, अर्धांगिनी चाहिए'
करीब 11 महीने पहले मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि वे शादी करेंगे, लेकिन उन्हें “वाइफ नहीं, अर्धांगिनी” चाहिए। उन्होंने कुछ प्रस्तावों का जिक्र करते हुए बताया कि एक 40-42 वर्षीय महिला ने पति को तलाक देकर उनसे विवाह का प्रस्ताव रखा था। वहीं एक अन्य महिला ने तीन साल पूजा-व्रत रखने का हवाला देते हुए शादी की जिद की और बात न बनने पर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।
पिछले साल सिडनी में कथा के दौरान उन्होंने इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड और मेरठ के सौरभ हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा था कि ऐसी घटनाओं से अविवाहित पुरुषों में डर का माहौल है। हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है। शादी जरूर करेंगे, और वह भी गुरु की आज्ञा व माता की पसंद से।