धार जिले की बदनावर तहसील में शराब कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अवैध शराब की तस्करी कर रहे कुछ लोगों ने वाहन रोकने को लेकर विवाद के बाद कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। वहीं, कुछ अन्य कर्मचारियों को भी हल्की चोटें आई हैं। मामले की जांच में स्थानीय पुलिस जुट गई है।
शुक्रवार सुबह कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, स्थानीय शराब ठेकेदार कंपनी को सूचना मिली थी कि रतलाम क्षेत्र से एक वाहन अवैध शराब की पेटियों के साथ बदनावर की ओर आ रहा है, जिसे शुक्रवार सुबह ग्रामीण इलाकों में सप्लाई किया जाना था। शराब ठेकेदार कंपनी के कर्मचारी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर निगरानी रखते हैं, ताकि बाहरी तस्कर इलाके में शराब न बेच सकें। शुक्रवार अलसुबह शराब कंपनी के कर्मचारियों ने अवैध शराब से भरे संदिग्ध वाहन का पीछा किया। जैसे ही वाहन लेबड़–नयागांव फोरलेन पर स्थित बोराली बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर पर धीमा हुआ, कर्मचारियों ने तलाशी के लिए उसे रोक लिया। इसी दौरान वाहन सवार लोगों ने विवाद करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और वाहन में तोड़फोड़ की।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना बदनावर बस स्टैंड के पास स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर करीब 20 मिनट तक मारपीट और तोड़फोड़ करते रहे। शराब कंपनी से जुड़े राजेश जायसवाल ने बताया कि हमले में कई कर्मचारी घायल हुए हैं। विशाल जायसवाल नामक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें:
कजलास गांव में रेत माफियाओं ने किया उत्पात, ग्रामीणों में दहशत
पुलिस का बयान
इस मामले में थाना प्रभारी बदनावर अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि वाहन में तोड़फोड़ की घटना हुई है। जिन लोगों को चोटें आई हैं, उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आना शेष है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।