धार जिले के लिए आज का दिन काफी खास रहा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जन-निजी भागीदारी (पीपीपी) आधारित मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धार मां सरस्वती, भोलेनाथ, श्रीकृष्णा नदी, मां नर्मदा और ऋषि दधीच की पावन नगरी है। उन्होंने कहा कि धार को सभी का आशीर्वाद प्राप्त है। धार पहले उधार था, लेकिन अब धार नगद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के हित में शुरू किए गए पीएम मित्र टेक्सटाइल्स पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे धार जिले सहित झाबुआ, अलीराजपुर और अन्य क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। कपास की खेती में किसानों को बेहतर मुनाफा होगा।
सीएम ने कहा कि धार जिले में 442 करोड़ रुपये की लागत से 51 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें मेडिकल कॉलेज, धार, गंधवानी, मनावर और कुक्षी में 26 बालक-बालिका छात्रावास, मां अमका-झमका तीर्थ का निर्माण, गीता भवन सहित अनेक विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2017 में देश की स्वास्थ्य नीति में बड़ा बदलाव करते हुए इलाज से पहले स्वस्थ जीवनशैली, प्रिवेंटिव और प्रोमोटिव हेल्थ केयर को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि देशभर में 1.81 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जहां गर्भवती महिलाओं से लेकर 16 वर्ष तक के बच्चों की नियमित निगरानी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- MP में SIR गणना पूरी: प्रदेश में 42,74,160 मतदाता नहीं मिले, प्रारूप सूची जारी; दावा-आपत्ति का ये है समय
जेपी नड्डा ने कहा कि यू-विन पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण की निगरानी की जा रही है, जिससे संस्थागत प्रसव की दर बढ़कर 89 प्रतिशत तक पहुंच गई है। हाइपरटेंशन, डायबिटीज, कैंसर और टीबी की व्यापक स्क्रीनिंग के चलते मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, धार को क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम बताया।