बरगी बांध की दाईं तट नहर के फूटने से पांच गांव में जलमग्न हो गए। आधा सैकड़ा किसानों के खेत में पानी भर गया। घटना की जानकारी मिलने पर जबलपुर जिला प्रशासन, पुलिस तथा बरगी बांध प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
एसडीएम बरगी अभिषेक सिंह ने बताया कि बरगी बांध के दाईं तट नहर के आरडी 6.94 किलोमीटर स्थित नर्रई एक्वाडक्ट के अपस्ट्रीम के दाहिने भाग के ट्रांजिशन कर्व के आज रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे क्षतिग्रस्त हो गया था। नहर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर प्रशासन द्वारा बांध से पानी की निकासी तुरंत रुकवा दी गई थी तथा क्षतिग्रस्त हिस्से से आगे के नहर के सभी गेट भी खोल दिए गए थे। शाम तक नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की तलहटी दिखाई देने लगी थी। नहर के क्षतिग्रस्त होने से सगड़ा-झपनी, बम्हनोदा, रोसरा, चारघाट, पिपरियाकला और घाना के कुछ हिस्से प्रभावित हुए थे, लेकिन कहीं भी बाढ़ की स्थिति नहीं बनी। किसी भी घर में पानी नहीं भरा और कोई जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें-
आरटीआई एक्ट के तहत जानकारी प्राप्त करने बीपीएल कार्ड धारक से मांगे चार लाख, कार्रवाई के निर्देश
मुनादी कराई गई
सूचना मिलते ही तुरंत मुनादी करा कर लोंगो को सतर्क कर दिया गया था। कार्यपालन यंत्री श्रद्धा बंसोडकर ने बताया कि मुताबिक नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य सोमवार की सुबह से प्रारंभ कर दिया जाएगा। मरम्मत के लिए आवश्यक मशीनरी और सामग्री मौके पर पहुंचाई जा चुकी है।
फसलों का मुआवजा देंगे : कलेक्टर
जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि नहर के फूटने के कारण समीपवर्ती गांव के खेत में पानी भर गया था। पानी भरने के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करवाकर पीड़ित किसानों की मुआवजा दिया जाएगा। नहर क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए थे।